
सुल्तानपुर जिले के कादीपुर के कुंभी डड़िया गांव में 28 सितंबर को हुई शिक्षक दंपती की हत्या का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि हत्यारोपी कुंभी डड़िया निवासी राकेश कुमार यादव और आशीष यादव हैं। दोनों आपस में पड़ोसी हैं। राकेश गांव के ही मुकेश सिंह के शिक्षण संस्थान में बस चलाने और कंप्यूटर पढ़ाने का काम करता था। उसे स्कूल के कार्यालय, लॉकर और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जानकारी थी। आशीष उसका पड़ोसी और पट्टीदार है।
पुलिस के अनुसार दोनों ने स्कूल में चोरी की योजना बनाई थी। दोनों आरोपी 28 सितंबर की रात चोरी के इरादे से स्कूल पहुंचे थे। कार्यालय में रखी चाबी से अलमारी का लॉकर खोलकर चोरी करते समय शिक्षक मुकेश सिंह की पत्नी विनिता सिंह ने उन्हें देख लिया था और विरोध किया था। पहचान लिए जाने के डर से आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया था। इसके बाद मुकेश सिंह ने दोनों को पकड़ने का प्रयास किया और जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे थे।




