कोतवाली क्षेत्र के गांव खिटोली के निकट एक अज्ञात वाहन ने ऑटो में टक्कर मार दी। जिससे ऑटो सड़क किनारे पलट गया, और उसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होने के बाद अस्पताल में मौत हो गई। जबकि एक ही परिवार के अन्य पांच लोग मामूली रूप से चोटिल हो गए। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार, सादाबाद के गांव आतुर्रा बिसावर निवासी करीब 62 वर्षीय पुरान सिंह पुत्र नौहबत सिंह सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे अपने परिवार के साथ ऑटो में सवार होकर वह अपने बेटे सूरज की ससुराल में किसी शोक कार्यक्रम में शामिल होने सासनी के गांव कोडियागंज जा रहा था। बताते हें कि जैसे ही उसका ऑटो सासनी के गांव खिटौली के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। अज्ञात वाहन की टक्कर से ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे जा गिरा। जिसमें पुरान सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर ऑटो में सवार उसके परिवार के अन्य सदस्य सहित उसकी 22 दिन की नातिन भी चोटिल हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही गोहाना चैकी इंचार्ज जुगेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गये और तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद पुरान सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, परिवार के अन्य घायल सदस्यों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। अचानक हुए इस हादसे और पुरान सिंह की मौत से उनके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि मृतक पुरान सिंह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।



