
ग्राम पंचायत लहौर्रा में सासनी-इगलास रोड स्थित सरकारी नाली और चकरोड पर कथित अवैध कब्जे शिकायत करते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।
सोमवार को मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में धर्मवती देवी पत्नी जगन्नाथ प्रसाद, सेवानिवृत्त कानूनगो तथा नीरज देवी पत्नी राजपाल सिंह, एडवोकेट ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार सासनी-इगलास रोड पर गाटा संख्या 1386 नाली तथा गाटा संख्या 1385 चकरोड के रूप में दर्ज है। आरोप है कि लहौर्रा के एक व्यक्ति ने अपने अज्ञात साथियों के साथ मिलकर बीती रात बिना किसी शासन की अनुमति के मिट्टी डालकर चकरोड पर रास्ता बनाने का प्रयास किया। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इसके लिए न तो चकरोड का कोई स्टीमेट तैयार कराया गया और न ही संबंधित विभाग से अनुमति ली गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि नाली की करीब एक मीटर भूमि पर मिट्टी डालकर उसे बंद कर दिया गया है। प्रार्थियागण के अनुसार संबंधित भूमि यमुना विकास प्राधिकरण के तहत अधिसूचित है तथा अनुसूचित जाति की काश्तकारी भूमि से संबंधित है। आरोप है कि भूमि का भू-उपयोग परिवर्तन भी नहीं कराया गया है और न ही किसी प्रकार का नक्शा स्वीकृत कराया गया है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकारी नाली पर कब्जा कर अवैध रूप से कॉलोनी काटने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले की जांच कराकर बिना अनुमति कथित अवैध खनन, सरकारी भूमि पर कब्जे तथा अन्य सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की भी मांग की है।
———————————-



