
बरेली के स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार से दिवंगत प्रो. श्याम बिहारी स्मृति प्रीमियर लीग का आयोजन होने जा रहा है। इस संबंध में शनिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैठक हुई और ट्रॉफी का अनावरण किया गया। इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य बरेली के उभरते हुए युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक सही मंच प्रदान करना है। इसी सोच के साथ स्पोर्ट्स स्टेडियम ने इस लीग की पहल की है।
इस प्रतियोगिता में कुल छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। बरेली धमाका डायनामोज की कमान फैजान जाफरी के हाथों में होगी, जबकि बरेली तूफानी टाइगर्स की कप्तानी मोहित कुमार करेंगे। बरेली झुमका जायंट्स का नेतृत्व साई सक्सेना, बरेली बांसुरी ब्लास्टर्स की कप्तानी अरुण यादव, बरेली दबंग डेयरडेविल्स की कमान प्रतीक पाल और बरेली नाथ नगरी किंग्स का नेतृत्व बंटी मौर्या करेंगे।
टूर्नामेंट की ट्रॉफी का अनावरण ईशान, मुस्तकीम और सभी टीमों के कप्तानों की मौजूदगी में किया गया। सोमवार से 12 अक्तूबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 13 मुकाबले खेले जाएंगे। लीग मैचों के बाद शीर्ष दो टीमें 12 अक्तूबर को होने वाले फाइनल में जगह बनाएंगी। विजेता टीम को इनाम के तौर पर एक स्कूटी दी जाएगी। खिलाड़ियों को मैच के दौरान कलर्ड जर्सी, टर्फ विकेट, प्रोफेशनल अंपायरिंग और लाइव स्ट्रीमिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।




