SIR In Haryana: 28 लाख वोटर्स का नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर, पंचकूला में सबसे ज्यादा; अब कब मिलेगा मौका

Picture of priya singh

priya singh

SHARE:

हरियाणा में प्रारूप मतदाता सूची 21 जुलाई को जारी होने के बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इस दौरान कोई भी पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने या किसी त्रुटि को ठीक कराने के लिए आवेदन कर सकता है।
Sir In Haryana:28 लाख वोटर्स का नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर, पंचकूला में सबसे  ज्यादा; अब कब मिलेगा मौका - Sir In Haryana Names Of 28 Lakh Voters Excluded  From Draft List

हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान 28 लाख 687 मतदाता बीएलओ को नहीं मिले हैं। इनका सत्यापन नहीं हो सका है।

निर्वाचन विभाग ने इन सभी को एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या डुप्लीकेट) श्रेणी में शामिल कर दिया है। ऐसे मतदाताओं के नाम 21 जुलाई को जारी होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं होंगे। हालांकि, उन्हें अपना नाम दोबारा जुड़वाने का मौका मिलेगा। यदि दावा-आपत्ति की अवधि में भी कोई आवेदन नहीं किया गया, तो अंतिम मतदाता सूची से उनके नाम हटा दिए जाएंगे।

सबसे अधिक ऐसे मतदाता पंचकूला में मिले हैं, जहां 22.94 प्रतिशत फॉर्म एकत्र नहीं हो सके। इसके बाद फरीदाबाद (21 प्रतिशत), गुरुग्राम (20.15 प्रतिशत), सोनीपत (16.18 प्रतिशत), पानीपत (15.23 प्रतिशत) और यमुनानगर (15.17 प्रतिशत) का स्थान है।
तीन बार संपर्क पर भी नहीं मिले
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) हरियाणा के अनुसार, इन मतदाताओं के पते पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने तीन बार जाकर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन वे वहां नहीं मिले। इसलिए उन्हें एएसडी सूची में शामिल किया गया है।

निर्वाचन विभाग अब यह एएसडी सूची जिलेवार राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के साथ भी साझा करेगा, ताकि अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने से पहले यदि किसी का नाम गलती से छूट गया हो तो उसे सुधारा जा सके। यह सूची सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई जाएगी। सूची ईपीआईसी (एपिक) सर्च सुविधा के साथ होगी, जिससे मतदाता अपने एपिक नंबर के जरिए आसानी से यह देख सकेंगे कि उनका नाम सूची में है या नहीं। इसके अलावा यह सूची पंचायत भवन, नगर निगम, बीडीपीओ कार्यालय और अन्य सरकारी कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा होगी।

इन मतदाताओं को 21 से 20 अगस्त तक मिलेगा मौका
हरियाणा में प्रारूप मतदाता सूची 21 जुलाई को जारी होने के बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इस दौरान कोई भी पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने या किसी त्रुटि को ठीक कराने के लिए आवेदन कर सकता है। नए मतदाता फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकेंगे, जबकि नाम, पता, फोटो या अन्य विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-8 जमा किया जा सकेगा। इसके अलावा, 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा भी पहली बार मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकेंगे। निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र नागरिकों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है, ताकि अंतिम मतदाता सूची में उनका नाम शामिल हो सके और वे आगामी चुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।

आज आखिरी दिन, 94.43 फीसदी सत्यापन पूरा
एसआईआर का गणना फार्म जमा करना का आज अंतिम दिन है। मंगलवार शाम पांच बजे के बाद किसी भी मतदाता का फार्म जमा नहीं कराया जाएगा। राज्य में इस समय कुल 2 करोड़ 6 लाख 55 हजार 929 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से 1 करोड़ 67 लाख 3 हजार 944 मतदाताओं के गणना फॉर्म बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) एकत्र कर ऑनलाइन अपलोड कर चुके हैं। इसके अलावा 28 लाख वे मतदाता हैं, जो अपने पते पर नहीं मिले हैं। दोनों मतदाताओं को मिलाकर अब तक करीब 94.43 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन पूरा हो चुका है। निर्वाचन विभाग के अनुसार अब केवल 11 लाख 51 हजार 298 मतदाताओं के फॉर्म जुटाए जाने बाकी हैं, जो कुल मतदाताओं का 5.57 प्रतिशत है। पूरे अभियान में राज्यभर के 20,629 बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं।

जिला             कुल वोटर            नहीं मिले वोटर (%)
फतेहाबाद          7,10,261            7.34%
कैथल             8,28,255            10.58%
रेवाड़ी            7,39,338             13.55%
यमुनानगर         9,18,682            15.17%
चरखी दादरी 4,10,306            9.35%
कुरुक्षेत्र             7,83,831 14.53%
जींद             10,43,768 11.23%
महेंद्रगढ़ 7,49,607             8.12%
सिरसा             10,05,598            9.47%
भिवानी            8,84,173            8.38%
पलवल             7,07,729 12.58%
पंचकूला             4,29,185 22.94%
नूंह             6,59,697            7.62%
सोनीपत             12,22,215 16.18%
अंबाला             8,89,328 14.44%
करनाल             12,25,661 13.20%
पानीपत             9,66,687 15.23%
झज्जर             8,15,711 13.35%
रोहतक             8,50,304 14.34%
हिसार             13,70,766            7.86%
फरीदाबाद         18,89,793 21.00%
गुरुग्राम            15,50,344 20.15%
कुल             2,06,55,929 13.56% 

priya singh
Author: priya singh

The Voice behind the Mic. The Pen behind the Truth. 👑 🎙️ News Anchor | Digital Scribe 🖋️ Crafting perspectives, delivering facts, and documenting history in black & white. 🏛️ Where eloquence meets hard-hitting journalism. 👇 Read the untold stories below.

सबसे ज्यादा पड़ गई