यूपी के कासगंज जिले में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ। श्रद्धालुओं की मैक्स पिकअप और ट्रेलर की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में छह श्रद्धालुओं की माैत हो गई। 20 लोग घायल हो गए। हादसे के समय अधिकतर श्रद्धालु नींद में थे। वाहनों के टकराने पर हुए तेज धमाके से उनकी आंख खुली तो सामने खाैफनाक मंजर था।

कासगंज के कस्बा मोहनपुरा के शिवा इंटर कॉलेज के सामने सोमवार सुबह करीब 4.30 बजे राजस्थान के श्रद्धालुओं से भरी मैक्स पिकअप की सामने से आ रहे ट्रेलर से भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैक्स पिकअप के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार कुछ लोग हवा में उछलकर ट्रेलर की बॉडी से जा टकराए। जिनमें से तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं तीन ने अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ दिया। हादसे की वीभत्सता इस बात से लगाई जा सकती है कि सड़क पर जगह जगह मानव शरीर के अवशेष और खून बिखरा पड़ा था।
हादसे की सूचना पाकर जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी आंचल चौहान, कोतवाली कासगंज प्रभारी जगदीश चंद्र, ढोलना प्रभारी अवधेश भदौरिया, चौकी इंचार्ज मोहनपुरा डॉ. महेश सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और पुलिसबल मौके पर पहुंचे। तत्काल मैक्स में फंसे घायलों को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल भेजा गया। क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कोशिश की गई। लेकिन ट्रेलर में अधिक वजन होने के कारण जेसीबी हटाने में नाकाम रही। क्षतिग्रस्त मैक्स पिकअप को जेसीबी से उठाकर पुलिस चौकी मोहनपुरा पर भेजा गया। उसके बाद यातायात सुचारु हो सका।
ट्रेलर का फट गया डीजल टैंक
मोहनपुरा से सिकंदराराऊ की तरफ जा रहे ट्रेलर की कासगंज की ओर आ रही पिकअप से आमन-सामने की टक्कर हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर का डीजल टैंक फट गया। टैंक फटने के बाद पूरी सड़क पर डीजल फैल गया।
सड़क पर बिखरा था खाना और कपड़े
गंगा स्नान को जा रहे हादसे का शिकार हुए राजस्थान के श्रद्धालु अपने लिए भोजन साथ लेकर आए थे। हादसे में उनके द्वारा लाया गया खाना भी सड़क पर बिखरा पड़ा था। महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के कपड़े क्षतिग्रस्त वाहन पर लिपटे दिखाई दिए।
दमकल कर्मियों ने की सड़क की सफाई
हादसे के बाद घटनास्थल पर बिखरा खून, डीजल और मानव शरीर के अवशेषों को दमकल कर्मियों ने पानी से साफ किया। लगातार पानी की तेज बौछारों से सड़क की सफाई की गई। डीजल की चिकनाहट से सड़क चिकनी हो गई जिससे वाहनों के फिसलने का खतरा हो गया था। पानी से धुलाई के बाद काफी हद तक खतरा कम हो गया।
स्कूली बच्चों को निकाला गया सुरक्षित
हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत कार्य चल रहा था। इस दौरान विद्यालय खुलने का समय हो गया। शिवा इंटर कॉलेज कांतौर में पढ़ने आ रहे विद्यार्थियों को सुरक्षित तरीके से सड़क पार कर निकाला गया। जिससे किसी भी बच्चे को किसी प्रकार की कोई समस्या न हो। विद्यालय प्रबंधन ने मार्ग पर विद्यार्थियों के लिए कोई सर्विस लेन न बनाए जाने का आरोप लगाया। प्रबंधन की मांग है कि हादसों से बचने के लिए सर्विस लेन बनाई जानी चाहिए। स्कूली बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत सर्विस लेन का होना अति आवश्यक है।
मृतकों की सूची:
उमेश पुत्र बबलू (उम्र करीब 26 वर्ष), निवासी- ग्राम रेवई, जनपद करौली, राजस्थान।
प्रेम पत्नी तेजराम (उम्र करीब 50 वर्ष), निवासी- नथौली का पुरा, थाना सूरौठ, जनपद करौली, राजस्थान।
नेहरू पुत्र रामखिलाड़ी (उम्र करीब 25 वर्ष), निवासी- नथौली का पुरा, थाना सूरौठ, जनपद करौली, राजस्थान।
रीना पत्नी करमवीर (उम्र करीब 32 वर्ष), निवासी- सलेमपुर कला, जनपद भरतपुर, राजस्थान।
अंजलि पत्नी मनीष (उम्र करीब 26 वर्ष), निवासी- रेवई, थाना महुआ इब्राहिमपुर, जनपद करौली, राजस्थान।
रामजीत/रंजीत पुत्र तेजराम (उम्र करीब 33 वर्ष), निवासी- नथौली का पुरा, थाना हिण्डौन, जनपद करौली, राजस्थान।
घायलों की सूची:
हायर सेंटर (अलीगढ़) रेफर किए गए गंभीर घायल
भूपेंद्र पुत्र राधेश्याम (उम्र करीब 27 वर्ष, चालक), निवासी- नथौली का पुरा, थाना हिण्डौन, जनपद करौली, राजस्थान।
हेमंत पुत्र राजेश (उम्र करीब 16 वर्ष), निवासी- ग्राम रेवई, थाना हिण्डौन सिटी, जनपद करौली, राजस्थान।
वंदना पत्नी चंद्रबान (उम्र करीब 22 वर्ष), निवासी- नथौली का पुरा, थाना हिण्डौन, जनपद करौली, राजस्थान।
नैतिक पुत्र रवींद्र (उम्र करीब 12 वर्ष), निवासी- रेवई, थाना हिण्डौन सिटी, जनपद करौली, राजस्थान।
प्रियांश पुत्र उमेश (उम्र करीब 03 वर्ष), निवासी- रेवई, जनपद करौली, राजस्थान।
भावना
जिला अस्पताल कासगंज में उपचाराधीन घायल
रवींद्र पुत्र रामचंद्र, निवासी- रेवई, थाना हिण्डौन सिटी, जनपद करौली, राजस्थान।
कविता पत्नी उमेश, निवासी- हिण्डौन सिटी, जनपद करौली, राजस्थान।
तेजराम पुत्र रामखिलाड़ी (उम्र करीब 60 वर्ष), निवासी- नथौली का पुरा, थाना सूरौठ, जनपद करौली, राजस्थान।
नेकराम पुत्र रामभरोसे (उम्र करीब 60 वर्ष), निवासी- गाजीपुर खावदा, थाना महुआ, जनपद दौसा, राजस्थान।
सपना पत्नी गौतम (उम्र करीब 20 वर्ष), निवासी- रेवई, थाना हिण्डौन सिटी, जनपद करौली, राजस्थान।
सीमा पत्नी रवींद्र (उम्र करीब 25 वर्ष), निवासी- रेवई, थाना हिण्डौन सिटी, जनपद करौली, राजस्थान।
चंद्रबान / रामचंद्र भान पुत्र नेहरू (उम्र करीब 25 वर्ष), निवासी- नथौली का पुरा, थाना सूरौठ, जनपद करौली, राजस्थान।
राजकुमारी पत्नी रामजीत (उम्र करीब 30 वर्ष), निवासी- नथौली का पुरा, थाना हिण्डौन, जनपद करौली, राजस्थान।
मयंक पुत्र राजेश (उम्र करीब 14 वर्ष), निवासी- ग्राम रेवई, थाना हिण्डौन सिटी, जनपद करौली, राजस्थान।
लक्ष्य पुत्र रवींद्र (उम्र करीब 10 वर्ष), निवासी- रेवई, थाना हिण्डौन सिटी, जनपद करौली, राजस्थान।
चिराग पुत्र उमेश चंद्र (उम्र करीब 05 वर्ष), निवासी- रेवई, थाना हिण्डौन सिटी, जनपद करौली, राजस्थान।
रियांस पुत्र उमेश चंद्र (उम्र करीब 02 वर्ष), निवासी- रेवई, जनपद करौली, राजस्थान।
विमलेश पत्नी नेहरू (उम्र करीब 26 वर्ष), निवासी- नथौली का पुरा, थाना सूरौठ, जनपद करौली, राजस्थान।
काना पुत्र चंद्रबान (उम्र करीब 02 वर्ष), निवासी- नथौली का पुरा, जनपद करौली, राजस्थान।