यूपी के आगरा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब के नशे में एक युवक ने चार जिंदगियों को माैत के मुंह में धकेल दिया। पुलिस की सजगता से परिवार के चारों लोगों की जान बच सकी।

आगरा के अछनेरा में घरेलू विवाद और शराब के नशे में एक व्यक्ति द्वारा पूरे परिवार को मौत के मुंह में धकेलने का मामला सामने आया है। युवक ने पत्नी के साथ मारपीट की। इसके बाद पत्नी और बच्चों को लेकर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। खुद भी परिवार के साथ रेलवे ट्रैक पर ही लेट गया और ट्रेन का इंतजार करने लगा। इस दाैरान ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आननफानन परिवार को रेलवे ट्रैक से हटाया। परिवार के हटने के करीब पांच मिनट बाद ही ट्रैक से तेज रफ्तार में ट्रेन गुजरी।
घरेलू कलह और नशे में उठाया आत्मघाती कदम
पुलिस ने मौके से नशे में धुत वेदप्रकाश को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने उसका तुरंत चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल) कराया, जिसके बाद उसे थाने में बैठाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पारिवारिक विवाद के कारणों का पता लगाने में जुटी है।