रोहतक। शास्त्री नगर के रहने वाले 24 वर्षीय अक्षित की मौत हत्या है या हादसा, यह अब तक साफ नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम के 28 घंटे बाद गुरुवार को शव परिजनों को सौंपा गया और विसरा जांच के लिए मधुबन लैब भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
दोस्त बने आरोपी
सिटी थाना पुलिस ने अक्षित के दोस्तों दीपक, सचिन, योगेश और सोमबीर पर हत्या का केस दर्ज किया है। गुरुवार शाम मृतक का अंतिम संस्कार सोनीपत जिले के पैतृक गांव खुबडू में किया गया।
पिता का आरोप
-
शिकायतकर्ता शमशेर सिंह के मुताबिक उनका बेटा अक्षित हाल ही में 1 सितंबर को जानलेवा हमले के केस में जेल से जमानत पर आया था।
-
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे उसका दोस्त दीपक उसे गाड़ी में ले गया।
-
रात 8 बजे जब कॉल किया गया तो दीपक ने बताया कि वे सचिन, योगेश और सोमबीर के साथ जींद बाईपास पर हैं।
संदिग्ध हालात
-
बुधवार सुबह सवा 10 बजे शमशेर सिंह के छोटे बेटे अमन को योगेश का फोन आया कि अक्षित रात से सोया हुआ है, उसे पीजीआई ले जा रहे हैं।
-
थोड़ी देर बाद जानकारी मिली कि अक्षित को पीजीआई पहुंचा दिया गया है, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
-
आरोप है कि दोस्तों ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर हत्या की।
जांच की अगली कड़ी
पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर डॉक्टरों ने विसरा जांच की सिफारिश की है। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
