
बदलते मौसम में इन दिनों बदन दर्द के साथ ही साइटिका के दर्द के मरीज बढ़ रहे हैं। बागला जिला अस्पताल में रोजाना इस दर्द से पीड़ित 30 मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सक उन्हें विटामिन बी-12 व खून की कमी पूरी करने के लिए दवा दे रहे हैं।
जिला अस्पताल में चिकित्सक इस दर्द कम करने के लिए दवाएं और फिजियोथेरेपी लेने की सलाह दे रहे हैं। विटामिन बी-12 और आयरन युक्त आहार लेने की सलाह दे रहे हैं। विटामिन बी-12 के लिए दूध और डेयरी उत्पाद, अंडे, मांस-मछली, सप्लीमेंट्स अहम स्रोत हैं। आयरन के लिए हरी पत्तेदार सब्जियां, चुकंदर, अनार, गुड़, तिल, दालें आदि अहम हैं।
साइटिका कमर के पास व पीठ के निचले हिस्से से शुरू होकर एक पैर तक फैलने वाला तेज दर्द है। इसमें जलन, झुनझुनी या सुन्नपन महसूस होता है। इसमें मरीज को पैर में कमजोरी भी महसूस होती है।
सीएमएस डॉ. सूर्य प्रकाश का कहना है कि साइटिका के दर्द को अनदेखा नहीं करना चाहिए, इस पर चिकित्सकों से परामर्श अवश्य लें।
कई दिन से पैरों में दर्द हो रहा था। इसे सही करने के लिए जिला अस्पताल से दवा ली है। चिकित्सकों ने दवा के साथ भोजन में हरी सब्जियां लेने की भी सलाह दी है।
-प्रवीना देवी, मरीज।
शरीर के एक आधे हिस्से में दर्द हो रहा है। चिकित्सकों ने बताया है कि यह साइटिका के लक्षण हैं। इसके लिए चिकित्सकों ने दवा दी है। सर्दी से बचने की सलाह दी है।
-बीना देवी, मरीज।