
कंकरखेड़ा (मेरठ)। साइबर आरोपियों ने ऑनलाइन गैस सिलिंडर बुक करने के नाम पर सुनील कुमार के खाते से 3.12 लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने थाने पर तहरीर देकर केस दर्ज कराया। थाना क्षेत्र की सरधना रोड स्थित ड्रीम सिटी कॉलोनी निवासी सुनील कुमार ने थाने पर केस दर्ज कराया।
सुनील ने बताया कि 24 अगस्त को वह ऑनलाइन गैस बुक कर रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। साइबर अपराधी ने खुद को गैस कंपनी का कर्मचारी बताया था। पीड़ित के अनुसार उसने ऑनलाइन गैस बुक करने के लिए एक एप्लीकेशन डाउनलोड करने के लिए कहा था। इसके बाद पीड़ित ने एप डाउनलोड कर ली थी। आरोपी ने एप्लीकेशन के लिए पांच रुपये ऑनलाइन भुगतान करने के लिए कहा था।
पीड़ित ने ऑनलाइन पांच रुपये भेज दिए थे। आरोप है कि कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर खाते से 3.12 लाख रुपये कटने का मेसेज आया। पीड़ित ने आरोपी के नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, मगर आरोपी के नंबर पर संपर्क नहीं हो सका। एसपी क्राइम अवनीश कुमार का कहना है की केस दर्ज कर दिया गया है। साइबर टीम आरोपी को ट्रेस कर रही है। जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।