नागौर जिले के खींवसर उपखंड क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी से अवैध संबंधों में बाधा बन रहे युवक की लोहे की रॉड से हत्या कर उसके शव को 10 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शव बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, भटनोखा गांव निवासी मुकेश गालवा पुत्र स्व. भंवरुदिन 27 अगस्त की रात घर से गणपति स्थापना कार्यक्रम में जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह लौटकर नहीं आया। परिजनों ने दो दिन बाद थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई। संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई सोहनराम को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने कबूल किया कि उसका मुकेश की पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और मुकेश उनके बीच रोड़ा बन रहा था। इसी वजह से उसने 27 अगस्त की रात कार्यक्रम से लौटते वक्त मुकेश पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद अपनी ही जेसीबी मशीन से 10 फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जेसीबी से खुदाई कर शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रॉड और जेसीबी जब्त कर ली है।
भावंडा थानाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।