छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक निजी कंपनी के कर्मचारी द्वारा लाखों रुपए के गबन का मामला सामने आया है। कंपनी के वाहनों को चलवाने और किराया वसूलने की जिम्मेदारी संभाल रहे आरोपी ने 11 लाख से अधिक की रकम हड़प ली और फरार हो गया। चक्रधर नगर पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस तरह हुआ खुलासा
शिव शक्ति स्टील प्रा.लि. के संस्थान प्रमुख विपुल माली ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि कंपनी में ऑटोमोबाइल एग्जीक्यूटिव मनीष कुमार (23), निवासी गया, बिहार को 17 अगस्त 2024 से वाहनों की देखरेख और ट्रांसपोर्टरों से किराया वसूली का काम सौंपा गया था।
मनीष ने अप्रैल से जून 2025 के बीच कंपनी के वाहनों को चलवाया और विभिन्न ट्रांसपोर्टरों से माल परिवहन का कार्य करवाया। इन तीन महीनों में कुल 15,39,469 रुपये का माल परिवहन हुआ। यह रकम हरप्रीत रोड लाइंस के माध्यम से कंपनी खाते में आनी थी, लेकिन मनीष ने धोखाधड़ी कर इसे अलग-अलग बैंक खातों में डलवा दिया।