
सनी देओल अभिनीत फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का ट्रेलर जारी हो चुका है। इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। आज मंगलवार को ट्रेलर लॉन्च इवेंट में फिल्म की स्टारकास्ट और डायरेक्टर मौजूद रहे। संतोषी ने इस फिल्म की मेकिंग को लेकर बात की और कहा कि वे पिछले डेढ़ दशक से इस फिल्म को बनाने में जुटे थे। इसी दौरान उन्होंने दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र का जिक्र किया और बताया कि यही आखिरी फिल्म थी जो उन्होंने देखी थी। पिता के नाम का जिक्र आते ही सनी देओल की आंखें छलक आईं।
राजकुमार संतोषी बोले- ‘यह फिल्म नहीं, तपस्या है मेरे लिए’
निर्देशक राजकुमार संतोषी ने फिल्म बनाने की यात्रा पर बात करते हुए कहा, ‘यह सिर्फ मेरे लिए एक फिल्म नहीं, बल्कि एक तपस्या है। मैं 2010 से यह फिल्म बनाने की कोशिश में हूं। सनी साहब को भी मैंने सुनाया। उन्हें भी पसंद आई। वे भी साथ में जुड़े हैं। हम दोनों 15-16 साल से कोशिश कर रहे हैं कि यह फिल्म बन जाए, लेकिन किसी का सपोर्ट नहीं मिला हमें। शुक्रगुजार हैं कि आमिर खान ने यह कहानी सुनी और उन्हें पसंद आई। उन्होंने प्रेरित किया कि बनाइए इसे। इस तरह ‘बंटवारा’ शुरू हुई। मैं उनका भी शुक्रगुजार हूं। सनी साहब का बहुत शुक्रगुजार हूं। जैसा कि मैंने कहा यह एक तपस्या है मेरे लिए। मैं आज इमोशनल हूं। इतने वर्षों बाद आज यह दिन आया है कि आज आप सभी के साथ ट्रेलर शेयर कर रहा हूं’।
करण देओल के लिए बोले- ‘पापा का बहुत नाम करेंगे’
इवेंट में सनी देओल के बेटे करण देओल भी मौजूद रहे। राजकुमार संतोषी ने करण देओल के लिए कहा, ‘यंग टैलेंट और बहुत ही प्रॉमिसिंग। मैंने इनके साथ काम किया है। फिल्म देखकर सब यही कहेंगे कि आगे जाकर ये सनी देओल का बहुत नाम करेंगे।’ वहीं करण देओल ने पिता को लेकर कहा, ”डैड के साथ काम करना, एक सपना पूरा होने जैसा है। आखिर पिता के साथ काम कौन नहीं करना चाहेगा। मेरी जिंदगी बन गई। थैंक्यू पापा। लव यू’। इस दौरान सनी देओल भावुक होते नजर आए।
जावेद अख्तर को संतोषी ने बताया गुरू
जावेद अख्तर की भी निर्देशक ने खूब तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘डायरेक्शन में मेरे गुरू गोविंद नहलानी जी हैं। जावेद अख्तर भी मेरे लिए गुरु से कम नहीं हैं। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है और आगे भी सीखूंगा। सिर्फ फिल्म मेकिंग और राइटिंग नहीं, बल्कि इंसानियत भी। समय-समय पर वह जो हिम्मत दिखाते हैं, कहने में झिझकते नहीं हैं। मैं उससे बहुत प्रेरित होता हूं। फिल्म में वही प्रेरणा है। जावेद साहब ने जब से कहानी सुनी तो शुरू से आखिर तक सलाह देते रहे’।

बोले- ‘सनी देओल इस फिल्म से लगे हुए हैं’
राजकुमार संतोषी ने सनी देओल की तारीफ करते हुए कहा, ‘इस फिल्म में लगातार लगे हुए हैं, एक इंच इधर-उधर नहीं हुए। यही फिल्म करनी है तो यही करनी है। जैसे ही गदर 2 हिट हुई फिर भी ‘बंटवारा’ तुरंत शुरू कर दी। मैं सनी देओल का बहुत शुक्रगुजार हूं’। वहीं, सनी देओल ने भी संतोषी की तारीफ की और कहा कि ‘ढाई किलो का हाथ…’ ये सब डायलॉग राज जी ने दिए हैं मुझे’।
Author: priya singh
The Voice behind the Mic. The Pen behind the Truth. 👑 🎙️ News Anchor | Digital Scribe 🖋️ Crafting perspectives, delivering facts, and documenting history in black & white. 🏛️ Where eloquence meets hard-hitting journalism. 👇 Read the untold stories below.