विकास नगर की ये घटना बताई जा रही है। परिजनों ने प्रशासन पर उनकी शिकायत को अनदेखा करने का आरोप लगाया है जिस कारण दो लोगों की जान चली गई।

पटियाला के विकास नगर में एक दर्दनाक हादसा पेश आया। यहां सीवर गैस से दो लोगों की मौत हो गई है। परिवार के मुताबिक, गली और मोहल्ले में अक्सर सीवर ब्लॉक रहता है, जिससे मोहल्ले में बहुत बदबू रहती है। इसे साफ करने के लिए पड़ोस में रहने वाले 45 साल के भोला और उसके साथी सीवर साफ करने के लिए उतरे।
इस दौरान सीवर गैस चढ़ने से दोनों बेहोश हो गए। परिजनों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार ने कहा कि हमने नगर निगम अधिकारियों और सीवरमैन से कई बार गुहार लगाई कि हमारी गली में सीवर जाम है। इसे ठीक किया जाए, लेकिन किसी ने हमारी समस्या का हल नहीं किया।