दिनांक 23 सितंबर को मनाए जाने वाले 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की थीम स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद के तहत सासनी क्षेत्र की ग्राम पंचायत हीरापुर में अलीगढ़ मंडल जिला हाथरस के क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में तथा शिविर राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय कौमरी और राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय टिकारी के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शनिवार को लगाए गये शिविर के दौरान चिकित्सा अधिकारियों और विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को आयुष विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं और आयुष चिकित्सा पद्धतियों की बारीकियों से अवगत कराया। चिकित्सकों ने बताया कि किस तरह दैनिक जीवन में सुधरती जीवनशैली, सही दिनचर्या, ऋतुचर्या और उचित आहार-विहार के माध्यम से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय निवासियों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉक्टरों द्वारा परामर्श देने के साथ ही मरीजों को आवश्यकतानुसार आयुर्वेदिक औषधियों का मुफ्त वितरण भी किया गया। मौजूद चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में जिले भर में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता को अपनी प्राचीन आयुष पद्धतियों से जोड़ना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक कर रोगों की रोकथाम करना है।



