तहसील परिसर में एसडीएम शिव प्रकाश यादव की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जबकि संचालन तहसीलदार डॉली यादव ने किया।
शनिवार को लगाए गये समाधान दिवस में क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बे से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। संपूर्ण समाधान दिवस में मात्र दर्जनभर शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें राजस्व, भूमि विवाद, रास्ते, कब्जे, पारिवारिक विवाद सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं शामिल रहीं। संबधित अफसरान ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायतों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। अफसरान ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा फरियादियों को बार-बार अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में से दो शिकायतों का अधिकारियों द्वारा मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जिससे संबंधित फरियादियों को तत्काल राहत मिली। एसडीएम शिव प्रकाश यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष शिकायतों का भी निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान एसीएमओ डाक्टर एमआई आलम, राजस्व निरीक्षक प्रमोद अग्निहोत्री, लेखपाल सचिन पुंडीर, धर्मवीर सिंह,नगर पंचायत से रजनेश कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और उनके समाधान की मांग की।



