कमिश्नरेट पुलिस ने वीडियो जारी कर लोगों से युवक और युवती की पहचान बताने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि दोनों का उपचार कराने के साथ नशा तस्करों के नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

लुधियाना से नशे की भयावह तस्वीरें सामने आई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल दो अलग-अलग वीडियो में एक युवक और एक युवती नशे की हालत में शरीर पर नियंत्रण खोते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस दोनों की पहचान कर उनका उपचार कराने और नशा तस्करों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। हालांकि सोशल मीडिया पर इसे जॉम्बी ड्रग से जोड़कर दावा किया जा रहा है लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पहला वीडियो चंडीगढ़ रोड स्थित ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के पास एक जर्जर मकान का बताया जा रहा है। इसमें काले कपड़े पहने एक युवक नशे की हालत में दीवार का सहारा लेकर खड़े होने की कोशिश करता है लेकिन बार-बार गिर जाता है। वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
दूसरा वीडियो समराला चौक का है। इसमें एक युवती बीच सड़क पर घुटनों के बल बैठी दिखाई देती है। उठने की कोशिश के दौरान वह अपना संतुलन नहीं बना पाती और अस्वाभाविक ढंग से आगे की ओर झुक जाती है। आसपास लोगों की भीड़ और वाहनों की आवाजाही के बावजूद वह खुद को संभाल नहीं पाती।
दोनों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। कमिश्नरेट पुलिस ने वीडियो जारी कर लोगों से युवक और युवती की पहचान बताने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि दोनों का उपचार कराने के साथ नशा तस्करों के नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे दावों की भी जांच की जा रही है।