मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को शामली और बिजनौर के दौरे पर रहेंगे। वह 617.70 करोड़ रुपये की 90 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। दोनों जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह शामली और बिजनौर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे तथा करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री शामली में 617.70 करोड़ रुपये की 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, जबकि बिजनौर में भी विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर दोनों जिलों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
शामली कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे हेलीकॉप्टर से बिजनौर पुलिस लाइन पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह दोपहर 2:25 बजे वर्धमान कॉलेज पहुंचकर बिजनौर और चांदपुर विधानसभा क्षेत्रों की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री गाजियाबाद के लिए रवाना होंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, यातायात रहेगा प्रभावित
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर शामली और बिजनौर दोनों जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बिजनौर में करीब ढाई हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। कई वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
जनसभा को देखते हुए शहर में रूट डायवर्जन लागू रहेगा। कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
सड़क मरम्मत और सफाई अभियान तेज
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले दोनों जिलों में सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पेयजल और चिकित्सा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। कार्यक्रम स्थलों और मुख्यमंत्री के संभावित मार्गों को विशेष रूप से संवारा गया है।
आज जिला कारागार में मुलाकात रहेगी बंद
मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर जिला कारागार बिजनौर में शुक्रवार को बंदियों से परिजनों और अधिवक्ताओं की मुलाकात स्थगित कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित अगली तिथि पर ही मुलाकात के लिए आने का अनुरोध किया है।