
कनीना क्षेत्र के गांव चेलावास में जमीन विवाद के चलते एक महिला की कुल्हाड़ी व फरसों से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान ओमपती पत्नी राज सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने महिला के देवर, उसकी पत्नी तथा परिवार के अन्य सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाया है। इसी जमीनी विवाद में एक वर्ष पूर्व महिला के ससुर की भी हत्या हो चुकी है। अब यह एक साल में दूसरी हत्या है।
परिजनों ने विनोद, संदीप, कविता, विमला, लाखीराम सहित अन्य लोगों पर मिलकर हमला करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी कविता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।