कानपुर के इंदिरानगर में फ्लैट में घुसकर दवा कारोबारी की चाकू से 26 वार कर हत्या करने का मामला सामने आया है। तड़के सवा चार बजे पार्टी से घर लौटे बेटे-बहू को फ्लैट में कारोबारी का खून से लथपथ शव मिला। 37 मिनट बाद पुलिस को सूचना दी गई।

कानपुर में कल्याणपुर के इंदिरानगर स्थित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट निवासी दवा कारोबारी विनीत मिनोचा (63) की शनिवार देर रात चाकू से गोदकर नृशंस हत्या कर दी गई। हत्यारों ने कारोबारी पर चाकू से 26 से ज्यादा वार किए। वारदात के वक्त वह फ्लैट में अकेले थे। रविवार सुबह चार बजे बेटा-बहू पार्टी से घर लौटे तब वारदात का पता चला। पुलिस कमिश्नर फोर्स संग मौके पर पहुंचे और जांच की।
अपार्टमेंट की गैलरी में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए, इनमें कारोबारी का पूर्व कर्मचारी हरबंशमोहाल निवासी विशाल गौतम व उसका साथी राजकिशोर फ्लैट में घुसते और निकलते दिखाई दिए। पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ के दौरान दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों के पैर में पुलिस की गोली लगी। पूछताछ में हत्यारोपियों ने कारोबारी की बहू के कहने पर वारदात की बात कबूली है। पुलिस हत्या की वजह पता करने में जुटी है। रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट की पहली मंजिल के फ्लैट नंबर सी-104 में रहने वाले विनीत मिनोचा शहर के पांच बड़े दवा कारोबारियों में माने जाते थे।
उनकी बिरहाना रोड पर फार्मा ट्रेडर्स के नाम फर्म है। परिवार में बेटा सुब्रत, बहू शालू और छह साल का पोता श्रीजय हैं। पत्नी पुनीता गाजियाबाद में मैरिज काउंसलर हैं। सुब्रत ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब 9:36 बजे वह फ्लैट के मेनगेट को लॉक कर पत्नी शालू व बेटे के साथ तिलकनगर स्थित दोस्त की पार्टी में गए थे। रविवार सुबह 4:13 बजे घर लौटे। पत्नी किचन में पानी लेने गई तो पिता के कमरे से रिस कर बाहर आ रहा खून दिखा। दरवाजा खोला तो उनका शव जमीन पर पड़ा था। बेटे-बहू ने करीब 37 मिनट बाद पुलिस को इसकी सूचना दी।
सवा घंटे फ्लैट में छिपे, आधे घंटे बाद हत्या कर निकले
कानपुर के पॉश इलाकों में शुमार इंदिरानगर के प्रतिष्ठित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट के फ्लैट में विनीत मिनोचा की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और और सीसी कैमरे चेक किए तो शनिवार रात 9:36 बजे कारोबारी का बेटा सुब्रत, बहू शालू अपने बेटे के साथ जाते दिखाई दिए। ठीक 10 मिनट बाद दो संदिग्ध गैलरी से बड़े आराम से फ्लैट सी-104 में दाखिल हो गए। करीब सवा घंटे फ्लैट में ही छिपे रहे। 10:58 बजे कारोबारी विनीत फ्लैट में पहुंचे। हत्यारोपी आधे घंटे में उनकी हत्या कर निकल गए।
आरोपियों ने लॉक से कोई छेड़छाड़ नहीं की और फ्लैट में घुसकर विनीत के आने का इंतजार करते रहे। 10:58 बजे विनीत अपनी फर्म से फ्लैट पर पहुंचे। खूनी खेल खेलने के 30 मिनट बाद आरोपी फ्लैट से निकलते हुए दिखाई दिए। बेटे ने जब एक आरोपी की पहचान फर्म में काम करने वाले पूर्व कर्मी विशाल गौतम के रूप में की तो पुलिस को किसी करीबी पर ही शक हुआ था।
पकड़े गए दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि काम पूरा होने पर बहू ने लाखों रुपये देने की बात कही थी। पुलिस अब बहू-बेटे समेत अन्य से पूछताछ कर रही है।
बेटा-बहू लिफ्ट से नीचे गए आरोपी जीने से चढ़े
हत्यारोपी जिस तरह ठीक 10 मिनट बाद फ्लैट में दाखिल हो गए उससे पता चलता है कि आरोपी को कोई पल-पल की जानकारी दे रहा था। सामने आया कि बेटा सुब्रत, पत्नी व बेटे के साथ लिफ्ट से नीचे उतरा था जबकि आरोपी जीने से चढ़ कर पहली मंजिल तक ऊपर गए। इस दौरान उन्होंने रजिस्टर में एंट्री भी नहीं की थी।
फ्लैट के मुख्य गेट से लेकर किचन तक में कैमरे
रतन ऑर्बिट परिसर कैमरों से लैस हैं। परिसर की रखवाली के लिए सिक्योरिटी गार्ड हैं। इसके बावजूद विनीत को सुरक्षा का डर सता रहा था। उन्होंने अपने फ्लैट के मुख्य गेट में दो जबकि डाइनिंग एरिया में एक कैमरा और किचन तक में कैमरा लगवा रखा था। कहीं ऐसा तो नहीं विनीत को करीबी द्वारा हत्या किए जाने की आशंका सता रही थी। पुलिस इस पहलू पर भी काम कर रही है। वहीं, पुलिस जांच कर रही है कि हत्यारोपी सच बोल रहे हैं या झूठ।
बड़ा सवाल, हत्यारोपी आसानी से फ्लैट में कैसे घुसे
पुलिस के मुताबिक, मुख्य गेट की दो चाबियां हैं। एक चाबी बेटा-बहू अपने पास रखते थे जबकि दूसरी चाबी विनीत अपने पास रखते थे। ऐसे में हत्यारों के पास तीसरी चाबी कैसे आई। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है। क्या मुख्य गेट की तीसरी चाबी हत्यारों को उपलब्ध कराई गई थी या बेटे-बहू ने जाते समय फ्लैट बंद ही नहीं किया। वहीं, बहू ने ससुर पर बंदिशें लगाने के कारण उनकी हत्या कराने की बात कबूली है जबकि कारोबारी को काफी खुले मिजाज का बताया जा रहा है।
एक नजर में वारदात
- रात 9:36 बजे फ्लैट से बाहर निकले कारोबारी के बेटे और बहू।
- रात 9:46 बजे फ्लैट में दाखिल होते नजर आए दोनों हत्यारोपी।
- रात 10:58 बजे फ्लैट में पहुंचे दवा कारोबारी विनीत मिनोचा।
- रात 11:28 बजे फ्लैट से बाहर निकलते नजर आए दोनों संदिग्ध।
- तड़के 4:00 बजे घर लौटे बेटे-बहू तब हुई वारदात की जानकारी।
सुरक्षा में सेंध… फ्लैट मालिकों ने किया हंगामा
शहर की बड़ी सोसाइटी में शुमार रतन ऑर्बिट के फ्लैट में घुसकर दवा कारोबारी विनीत की हत्या के बाद पूरी सोसाइटी में सनसनी फैल गई। देर शाम लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों लोग मुख्य गेट के बाहर आ गए और हंगामा किया। सोसाइटी के लोगों ने कहा कि रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट इलाके में सबसे पॉश व सुरक्षित अपार्टमेंट की सूची में शुमार है। यहां कई उद्योगपति, कारोबारी व अधिकारियों के आवास हैं।
पुलिस को सुबह 4:50 बजे हत्या की सूचना मिली। सीसी कैमरों में दो संदिग्ध फ्लैट में घुसते कैद हुए। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के ने बहू के कहने पर हत्या करने की बात कही है। इसकी जांच की जा रही है।– राजेश पांडेय, एडीसीपी वेस्ट