गांव बसई काजी स्थित बिजलीघर पर बिजली विभाग की मनमानी, अत्यधिक बिल और रोस्टिंग के नाम पर की जा रही अघोषित विद्युत कटौती से गुस्साए किसान सुबह 7 बजे से धरने पर बैठ गए।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार भोला सूर्यवंशी के नेतृत्व में किसानों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध दर्ज कराया।किसानों का कहना था कि भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से फसलों की सिंचाई ठप पड़ी है। ऊपर से आ रहे भारी-भरकम बिजली बिलों ने उनकी कमर तोड़ दी है। सुबह से शुरू हुआ यह धरना करीब चार घंटे तक चला। हंगामे की सूचना मिलने पर करीब 11 बजे बिजली विभाग के अवर अभियंता सत्येंद्र सिंह मौके पर पहुंचे, और नाराज किसानों को शांत कराते हुए आश्वासन दिया कि क्षेत्र में नियमानुसार 18 घंटे बिजली की आपूर्ति की जाएगी। साथ ही किसानों की किसी भी समस्या का तत्काल समाधान कराया जाएगा। अधिकारी के इस ठोस आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। इस मौके पर मुख्य रूप से तहसील उपाध्यक्ष मूलचंद बघेल, कृष्णकांत गौतम, जगदीश सिंह, राजबहादुर, ओमकार, मणिकांत, अजीत कुशवाहा, वीरेंद्र सिंह, सतीश चंद्र, विवेक और संजय सहित भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS



