नवजात बच्चों का तस्करी मामला: पुलिस ने चार और आरोपियों को किया गिरफ्तार, कई अहम खुलासों की संभावना

Picture of priya singh

priya singh

SHARE:

गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान उनसे गहन पूछताछ की जा रही है
Four more accused arrested in child trafficking caseपुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व तथा पुलिस उपायुक्त बहादुरगढ़ मयंक मिश्रा के दिशा-निर्देशन में नवजात बच्चा तस्करी गिरोह के खिलाफ चल रही जांच लगातार आगे बढ़ रही है। बहादुरगढ़ पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। इस मामले में सभी अपराध शाखा और थाना शहर बहादुरगढ़ की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले भी इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अब जांच लगातार आगे बढ़ रही है।

जांच के दौरान चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप पवार निवासी भगत सिंह कॉलोनी, बल्लभगढ़ (फरीदाबाद), रुद्रा प्रताप सिंह निवासी सेक्टर-27, रायपुर (छत्तीसगढ़), विजय निवासी पंचशील ग्रीन-2, ग्रेटर नोएडा वेस्ट (उत्तर प्रदेश) तथा मोहन पांचाल उर्फ मोनू उर्फ मोना निवासी अशोक नगर, शाहदरा (दिल्ली), हाल निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि ये सभी आरोपी पहले से गिरफ्तार गिरोह के सदस्यों के संपर्क में थे और नवजात बच्चों की अवैध खरीद-फरोख्त के नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। ये आरोपी सप्लाई चेन को मजबूत करने, संभावित ग्राहकों से संपर्क स्थापित करने और सौदे को अंतिम रूप देने में सहयोग करते थे। संयुक्त पुलिस टीमों द्वारा तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर इन आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। लगातार निगरानी और सटीक कार्रवाई के चलते इन्हें काबू किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी संकेत मिले हैं कि यह गिरोह विभिन्न राज्यों में फैला हुआ है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से निसंतान दंपतियों को निशाना बनाता था।

गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान उनसे गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों, फरार सरगना और इस नेटवर्क से जुड़े खरीदारों तक पहुंच बनाई जा सके। मामले की जांच के दौरान कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी है। पुलिस की टीम ने बताया देशभर के अलग-अलग स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। पुलिस उपायुक्त बहादुरगढ़ मयंक मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि नवजात बच्चों की तस्करी जैसे जघन्य अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। बहादुरगढ़ पुलिस इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार प्रयासरत है और आने वाले समय में और भी बड़ी गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

priya singh
Author: priya singh