कोतवाली क्षेत्रांतर्गत एक गांव में किशोरी के साथ दबंगों ने छेड़छाड़ की जब परिजनों ने विरोध किया तो दबंगों ने परिजनों के साथ मारपीट कर दी। पीडित परिवार ने घटना की शिकायत कोतवाली में पुलिस से की है।
मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार, आरोप है कि गांव की एक किशोरी दुकान से सामान लेकर अपने घर वापस लौट रही थी, तभी रास्ते में गांव के ही एक युवक ने किशोरी के साथ अभद्रता की और उसे जबरन पकड़कर एक कमरे में ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान युवक ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ की, जिससे उसके कपड़े भी फट गए। किशोरी के शोर मचाने पर जब उसके पिता और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो कथित युवक और उसके साथियों ने उनके साथ भी हिंसक व्यवहार शुरू कर दिया। आरोप है कि कथित युवक के साथ अन्य कई लोग भी वहां पहुंच गए और उन्होंने किशोरी के परिजनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस फिलहाल सभी आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटना के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। सासनी कोतवाली क्राइम प्रभारी अबधेश कुमार ने बताया कि मामले में अभियोग पंजीकृत हो गया है। किशोरी को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है, और मामले में जांच पड़ताल जारी है।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS
