सासनी क्षेत्र के छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को निखारने और उनमें शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से 11 अप्रैल को चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता सासनी रुदायन रोड स्थित सम्यक पुस्तकालय एवं वाचनालय, अंबेडकर पार्क में होगी।
मंगलवार को यह जानकारी देते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर शैक्षिक एवं सामाजिक विकास समिति सासनी और दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया के सौजन्य से आयोजित यह कार्यक्रम महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले और बोधिसत्व डॉ. भीमराव अंबेडकर के जन्मोत्सव को समर्पित होगा। यह जानकादी देते हुए समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता 11 अप्रैल, शनिवार को दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। यह पूरी तरह निःशुल्क होगी और इसे चार वर्गों में बांटा गया है। प्रतिभागियों को चार्ट पेपर पर अपनी कला का प्रदर्शन करना होगा। आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को महापुरुषों के विचारों से जोड़ना और उनकी रचनात्मकता को एक मंच प्रदान करना है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को 18 अप्रैल को शाम चार बजे इसी स्थान पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। समिति ने छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में इस प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने की अपील की है। दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया (शाखा जनपद हाथरस) इस कार्यक्रम में सहयोगी संस्था के रूप में भूमिका निभा रही है।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS
