आजमगढ़ जिले में फर्जी अस्पतालों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। शनिवार को डीएम के निर्देश तथा मुख्य चिकित्साधिकारी के आदेश पर कई ऑपरेशन थिएटर को सीज किया गया। साथ ही संस्थानों को नोटिस जारी किया गया।

आजमगढ़ जनपद में अवैध व फर्जी चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए तरवां और मेंहनगर क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। डीएम के निर्देश तथा मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा के आदेश पर डिप्टी सीएमओ एवं नोडल निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लीनिक में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। तरवां स्थित प्रिया हेल्थ केयर सेंटर में अयोग्य चिकित्सक द्वारा संचालन पाए जाने पर उसका ऑपरेशन थिएटर तत्काल सीज कर दिया गया। वहीं मेंहनगर के बीएन मेडिकल स्टोर में मेडिकल स्टोर की आड़ में नर्सिंग होम संचालित होते मिलने पर ओटी को सीज किया गया।
कार्रवाई के दौरान जिन चिकित्सा केंद्रों पर मरीज भर्ती पाए गए, उन्हें तत्काल सरकारी अस्पतालों में शिफ्ट कराया गया, ताकि उनके इलाज में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि बिना पंजीकरण और बिना योग्य चिकित्सक के चिकित्सा कार्य करने वालों के खिलाफ आगे भी निरंतर अभियान चलाया जाएगा और किसी भी दोषी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।