यूपी के अमरोहा में नशीला पदार्थ खिलाकर परिवार को बेहोश कर युवती प्रेमी के साथ फरार हो गई। युवती की पांच अप्रैल को बरात आनी थी। इस मामले ने एक बार फिर चर्चित बावनखेड़ी शबनम कांड की याद दिला दी। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने युवती के प्रेमी और उसके दोस्त के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी है।

अमरोहा जिले के चर्चित बावनखेड़ी शबनम कांड की याद दिलाने वाली एक सनसनीखेज घटना थाना अमरोहा देहात क्षेत्र में सामने आई है। यहां एक युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और फिर उसके साथ फरार हो गई।
घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। मामले में पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने युवती के प्रेमी और उसके दोस्त के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पांच अप्रैल आनी थी किसान की बेटी की बरात
यह मामला अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के एक गांव का है। यहां पर किसान का परिवार रहता है। किसान ने अपनी बेटी की शादी तय कर दी थी। पांच अप्रैल बरात आनी थी। इसके लिए घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं।
आरोप है कि 29 मार्च की रात करीब आठ बजे गांव के ही रिजवान और उसका दोस्त जुनैद उनके घर पहुंचे। दोनों ने किसान की बेटी के साथ योजना के तहत खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद किसान सहित पूरे परिवार के लोग बेहोश हो गए।
बेहोश लोगों को कराया अस्पताल में भर्ती
रात में जब घर से कोई हलचल नहीं हुई तो पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि परिवार के सभी सदस्य अचेत अवस्था में पड़े थे। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हर कोई अचंभित रहा गया। ग्रामीणों ने आनन-फानन परिवार के सभी बेहेश सदस्यों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
होश आने पर किसान ने अपनी बेटी को गायब पाया। काफी तलाश के बाद पता चला कि रिजवान उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है, जिसमें जुनैद की भूमिका रही। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं।
गौरतलब है कि अमरोहा का बावनखेड़ी शबनम कांड भी इसी तरह की साजिश से जुड़ा था, जिसमें पूरे परिवार को नशीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतार दिया गया था। हालांकि, इस मामले में किसी की मौत नहीं हुई, लेकिन घटना ने लोगों को उस खौफनाक वारदात की याद दिला दी है।
सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि मामले में रिजवान और जुनैद के खिलाफ युवती को बहलाकर ले जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामला प्रेमप्रसंग से जुड़ा है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।