राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर मुख्य पीठ और जयपुर पीठ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों परिसरों को खाली कराया। जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली लेकिन सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर मुख्य पीठ और जयपुर पीठ को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद न्यायिक व्यवस्था में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शुरुआत में धमकी केवल जयपुर पीठ को मिलने की सूचना सामने आई थी लेकिन कुछ ही देर बाद जोधपुर स्थित मुख्य पीठ को भी खाली कराने का निर्णय लिया गया।
लगातार मिल रही बम धमकियों को देखते हुए हाईकोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक सख्त कर दी गई है। प्रवेश और निकास बिंदुओं पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि इन धमकियों के मद्देनजर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में 19 दिसंबर 2025 को एक उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक आयोजित की जा चुकी है। बैठक में हाईकोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर कई अहम निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद लगातार आ रही धमकियां सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई हैं।