खैरथल जिले के तिजारा क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। अहिंसा सर्किल की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर प्राइवेट स्कूल के बच्चों से भरी एक टेंपू अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में टेंपू में सवार करीब चार से पांच बच्चे घायल हुए। यह पूरी घटना सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

कंट्रोल बिगड़ने से पलटा टेंपू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेंपू में स्कूली बच्चे सवार थे और वाहन तेज रफ्तार में चल रहा था। अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे टेंपू सड़क पर पलट गया। पलटते ही टेंपू के अंदर बैठे बच्चों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लोगों की मदद से निकाले गए बच्चे
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद दुकानदार और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए पलटे हुए टेंपू के अंदर फंसे बच्चों और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हो सकती थी बड़ी दुर्घटना
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग काफी व्यस्त है और यहां तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा हमेशा बना रहता है। टेंपू में बच्चों की संख्या अधिक होने और सुरक्षा इंतजामों की कमी के चलते हादसे की गंभीरता बढ़ सकती थी, लेकिन समय पर लोगों की मदद से बड़ा नुकसान टल गया।
टेंपू चालक से पूछताछ कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस टेंपू चालक से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि वाहन में तय क्षमता से अधिक बच्चे तो नहीं सवार थे।