लखनऊ: मडियांव पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के हॉस्टलों में घुसकर छात्रों के मोबाइल और लैपटॉप चोरी करता था। पुलिस ने इनके कब्जे से 65 मोबाइल फोन, 15 लैपटॉप, दो टैबलेट और दो चोरी की बाइकें बरामद की हैं।
एडीसीपी नॉर्थ अमोल मुरकुट ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी तमिलनाडु के वेल्लोर जिले के रहने वाले हैं। इनमें कार्तिक श्रीनिवासन, मुत्तु, गोपाल, हरी और अजय नारायण शामिल हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी चोरी का सामान सीधे तमिलनाडु ले जाकर वहीं बेच देते थे, ताकि उत्तर भारत की पुलिस की निगरानी से बच सकें।
हॉस्टल के छात्रों को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह सुबह-सुबह कॉलेज हॉस्टलों में घुसकर खुले कमरों को निशाना बनाता था। अंदर रखे लैपटॉप, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को समेटकर आरोपी तुरंत फरार हो जाते थे। जब चोरी का सामान बड़ी मात्रा में इकट्ठा हो जाता था, तो यह आरोपी हवाई जहाज या अन्य साधनों से तमिलनाडु लौट जाते थे।
कई जिलों में फैला था गिरोह का नेटवर्क
एडीसीपी नॉर्थ ने बताया कि लखनऊ के अलावा आस-पास के जिलों में भी यह गिरोह सक्रिय था। सोमवार देर रात मुखबिर की सूचना पर इंस्पेक्टर मडियांव शिवानंद मिश्रा की टीम ने आईआईएम रोड के यादव चौराहा के पास से सभी आरोपियों को दबोच लिया।
जांच में सामने आया है कि इन बदमाशों के खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में आठ, जालौन में दो, और तमिलनाडु में सात मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और खरीददारों की तलाश में जुटी है।