मुजफ्फरपुर (बिहार): जिले के रामपुर हरि थाना क्षेत्र से रविवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने गुस्से में आकर अपनी ही मां की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे पिता को बुरी तरह घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया।
मृतका की पहचान वीणा देवी (42 वर्ष), पत्नी चंद्रदेव सहनी, निवासी मदारीपुर कर्ण गांव के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल चंद्रदेव सहनी को इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SKMCH) में भर्ती कराया गया है।
पत्नी से विवाद के बीच मां-बाप पर किया हमला
परिजनों के अनुसार, आरोपी पुत्र छोटू सहनी का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था। विवाद इतना बढ़ा कि उसने पत्नी की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। यह देख वीणा देवी और उनके पति ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। तभी आरोपी ने गुस्से में आकर पास में रखी लाठी उठा ली और अपने ही माता-पिता पर हमला कर दिया।
हमले में वीणा देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंद्रदेव सहनी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी बेटा फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी शिवेंद्र नारायण सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि यह मामला पूर्णतः पारिवारिक विवाद का परिणाम है। आरोपी पुत्र छोटू सहनी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।