गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात हुई। पशु तस्करों ने विरोध करने पर 12वीं के छात्र और नीट अभ्यर्थी दीपक गुप्ता (19) को जबरन गाड़ी में उठाकर कुछ दूरी पर उसकी हत्या कर दी।

शव मिलने के बाद ग्रामीण भड़क उठे। गुस्साए लोगों ने तस्करों की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया और सुबह गोरखपुर–पिपराइच मार्ग पर भट्ठा चौराहे पर जाम लगा दिया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की और पथराव हुआ, जिसमें एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, पिपराइच थानेदार पुरुषोत्तम सिंह सहित सात पुलिसकर्मी घायल हो गए। थानेदार का हाथ भी टूट गया।
घटना कैसे हुई
रात करीब 11:20 बजे दीपक के रिश्तेदारों ने संदिग्ध बोलेरो सवारों को देखा और चोरी की आशंका जताई। सूचना पर दीपक अपने चचेरे भाइयों के साथ मौके पर पहुंचा। तभी तस्करों ने पथराव कर दिया। इस दौरान दो लोग घायल हो गए और दीपक को जबरन गाड़ी में खींचकर ले जाया गया। बाद में उसका शव गुलरिहा इलाके से बरामद हुआ।
भीड़ ने पकड़ा एक तस्कर
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने तस्करों की एक और गाड़ी घेर ली जिसमें तीन गोवंश भरे थे। गाड़ी फंसने पर तस्कर भाग निकले लेकिन एक आरोपी ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी और पिकअप को आग लगा दी।
अफसर मौके पर, पुलिसकर्मी निलंबित
मामले की गंभीरता देखते हुए देर शाम एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश गोरखपुर पहुंचे और गांव जाकर परिजनों से मुलाकात की। इधर एसएसपी ने जंगल धूषण चौकी प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच बैठा दी है।