सासनी नगर में कल, दिनांक 11 सितंबर दिन शुक्रवार को तृतीय विशाल श्री लव-कुश शोभायात्रा अत्यंत धूमधाम एवं भव्यता के साथ निकाली जाएगी। समस्त श्री कुशवाहा क्षत्रिय समाज के विशेष सहयोग से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर समाजबंधुओं और नगरवासियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
गुरूवार को समस्त कमेटी श्री लव-कुश शोभायात्रा सासनी के पदाधिकारियों बैठक आहूत कर बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः काल से ही धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगा। जिसमें श्रीमती रामदेवी कुशवाहा धर्मपत्नी स्व. श्री देवकीनंदन कुशवाहा बजाज, के सौजन्य से सुंदरकांड पाठ होगा। बारह बजे भोग प्रसादी तथा श्री लव-कुश जन्मोत्सव एवं आराध्य-आराधना के पश्चात अतिथियों का सम्मान एवं उद्बोधन गोकुल बाग, जरैया मोड़ पर संपन्न होगा। पदाधिकारियों ने बताया कि शाम पांच बजे शोभायात्रा का उद्घाटन अलीगढ़ रोड स्थित पंचवटी सतदेवा मंदिर पर मुख्य अतिथि श्री शिवकुमार कुशवाहा एस. कुमार, फिरोजपुर मैसर्स फ्रेंड्स इलेक्ट्रॉनिक्स के कर-कमलों द्वारा फीता काटकर किया जाएगा। उद्घाटन के उपरांत भव्य शोभायात्रा पंचवटी सतदेवा मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों व बाजारों से होती हुई रात्रि करीब साढे दस बजे विश्राम लेगी। शोभायात्रा में विभिन्न धार्मिक झांकियां और बैंड-बाजे मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी जनता व समाजबंधुओं से सपरिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।



