डबरा क्षेत्र के भितरवार से पत्नी प्रताड़ना का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने सोते हुए पति पर खौलता पानी डाल दिया और फिर हथौड़े से भी हमला किया। गंभीर रूप से घायल पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ऐसे हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, पीड़ित आकाश जाटव, जो खेती-किसानी और आरसीसी मिस्त्री का काम करते हैं, घर पर सो रहे थे। तभी उनकी पत्नी पूजा जाटव ने पहले उनके कान में गर्म पानी डाला। जब आकाश उठे तो उस पर पूरी भगोनी का खौलता पानी उंडेल दिया। इसके बाद पूजा ने हथौड़े से उनके कंधे पर वार किया।
पीड़ित का बयान
अस्पताल में भर्ती आकाश ने बताया कि उनकी पत्नी पहले भी कई बार इस तरह की हिंसक हरकतें कर चुकी है और उन्हें लगातार प्रताड़ित करती रहती है। आकाश ने कहा कि पूजा अक्सर धमकी देती है कि अगर उसने उसकी बात नहीं मानी तो जान से मार देगी। पीड़ित परिवार ने यह भी बताया कि पूजा ने घर का सारा सामान बाहर फेंक दिया। दंपती के दो बच्चे भी हैं।
मायके पक्ष का रवैया
परिजनों ने जब पूजा के मायकेवालों से शिकायत की तो उन्होंने यह कहते हुए मामला टाल दिया कि यह घरेलू झगड़ा है और इसे घर पर ही निपटाया जाए।
पुलिस की कार्रवाई
भितरवार एसडीओपी जितेंद्र नगाइच ने बताया कि किसान आकाश जाटव सो रहे थे, तभी पत्नी ने उन पर उबलता पानी डाल दिया, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। आकाश का अस्पताल में इलाज जारी है। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।