
लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल में काकोरी निवासी युवती से दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज आरोपी सफाईकर्मी अनिल को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के पिता ने आरोपी के खिलाफ वजीरगंज थाने में केस दर्ज कराया था। आरोपी निजी एजेंसी के तहत कार्यरत था। निजी एजेंसी ने उसकी सेवाएं समाप्त कर दी हैं। सीएमएस डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया घटना की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है। वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है।
काकोरी निवासी युवती के भाई की हड्डी टूट गई थी। वह परिजनों के साथ शनिवार को भाई को लेकर बलरामपुर अस्पताल की न्यू बिल्डिंग आई थी। दोपहर करीब 12.30 बजे युवती अस्पताल परिसर में पहले तल पर बने शौचालय गई। आरोप है कि इस बीच पीछे से सफाईकर्मी अनिल भी शौचालय के अंदर घुस गया। उसने युवती का हाथ पकड़ लिया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। किसी तरह युवती आरोपी के चंगुल से बचकर परिजनों के पास पहुंची। इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी अनिल को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी अस्पताल परिसर के पीछे ही बने क्वार्टर में रहता भी है।