Delhi Flood Live: यमुना में भीषण उफान, कश्मीरी गेट तक पहुंची बाढ़, ट्रैफिक थमा; 40 ट्रेनें रद्द… 34 डायवर्ट

Picture of NIMRA SALEEM

NIMRA SALEEM

SHARE:

Delhi NCR Weather Today  News in Hindi: दिल्ली-एनसीआर में आज गुरुवार सुबह फिर दिन की शुरुआत बारिश से हुई। कई हिस्सों में सुबह बारिश देखी गई। वहीं दूसरी तरफ यमुना नदी उफान पर है, जिसकी वजह से कई निचले इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। यमुना बाजार, मजनू का टीला, मयूर विहार, गीता कॉलोनी, और झरोड़ा कलां जैसे क्षेत्रों में पानी घरों और दुकानों में घुस गया है।मौसम विभाग ने इस महीने भी अच्छी बारिश का आनुमान जताया है। खराब मौसम और बारिश के कारण आज भी उड़ानें प्रभावित रहेंगी।

Delhi Flood: यमुना के जलस्तर में आई गिरावट, राहत की दिखने लगी उम्मीद | LIVE  Delhi Flood Alert Yamuna Water Level River Crosses Danger Mark NDRF  Deployment In Delhi Hathni Kund Barrage

सिविल लाइंस के पास रिंग रोड पर चंदगी राम अखाड़ा के पास जलभराव हो गया है। क्योंकि यमुना नदी उफान पर है और पानी किनारों से सड़क पर आ गया है।

दिल्ली के कई इलाकों में जाम
दिल्ली के कालिंदी कुंज मेट्रो स्टेशन के पास भारी ट्रैफिक देखा गया। वहीं कश्मीरी गेट पर भी ट्रैफिक की रफ्तार थम गई है।

कश्मीरी गेट पर पानी ही पानी
उफनती यमुना नदी का पानी दिल्ली के यमुना किनारे वाले कुछ हिस्सों में घुसने से भीषण जलभराव हो गया है। आईएसबीटी कश्मीरी गेट पर पानी रिंग रोड तक पहुंच गया है। जिसकी वजह से वाहनों की रफ्तार पर असर पड़ा है। लोग वाहन लेकर गुजर रहे हैं और राह भी परेशान हो रहे हैं।

पुराना लोहे के पुल पर ट्रेनों की आवाजाही रुकी, 99 ट्रेनें प्रभावित
दिल्ली मंडल के पुराने यमुना पुल (ब्रिज संख्या-249) पर रेल यातायात निलंबित कर दिया गया है। इसके चलते बड़ी संख्या में ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है। रेलवे ने बताया कि सुरक्षा कारणों से 40 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है, 34 ट्रेनों का मार्ग बदला गया है, 11 ट्रेनों की शुरुआत (शॉर्ट ओरिजिनेशन) अन्य स्टेशनों से होगी और 14 ट्रेनों का गंतव्य बदलकर (शॉर्ट टर्मिनेशन) समय से पहले ही समाप्त किया जाएगा।

40 ट्रेनें रद्द
दिल्ली से सहारनपुर, शामली, गाजियाबाद, अलीगढ़, दनकौर समेत कई नजदीकी मार्गों पर चलने वाली ईएमयू और पैसेंजर ट्रेनों को 4 सितंबर को रद्द कर दिया गया है। इनमें दिल्ली जंक्शन–सहारनपुर, दिल्ली–शामली, दिल्ली–गाजियाबाद, दिल्ली–अंबाला कैंट, दिल्ली–मुरादाबाद और दिल्ली–कोटद्वार जाने वाली कई एक्सप्रेस व जनशताब्दी भी शामिल हैं। जम्मूतवी से धनबाद और जम्मूतवी–बाड़मेर शालीमार एक्सप्रेस जैसी लंबी दूरी की ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं।

34 ट्रेनें डायवर्ट
लंबी दूरी की 34 ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है। इनमें अवध असम एक्सप्रेस, कालका–हावड़ा मेल, रानीखेत एक्सप्रेस, मसूरी एक्सप्रेस, आलाहजरत एक्सप्रेस, मानेन्दा एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल सहित पूर्वोत्तर, बिहार, उत्तर प्रदेश और पूर्वी भारत की ओर जाने वाली ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों को साहिबाबाद, नई दिल्ली, सब्जीमंडी, तिलक ब्रिज व सराय रोहिल्ला स्टेशनों के रास्ते मोड़ा जा रहा है।

11 ट्रेनें दूसरे स्टेशनों से चलेंगी
दिल्ली जंक्शन से खुलने वाली 11 ट्रेनों की शुरुआत अन्य स्टेशनों से होगी। इनमें कुछ गाड़ियां दिल्ली शाहदरा, गाजियाबाद, आनंद विहार टर्मिनल, हजरत निजामुद्दीन और मेरठ सिटी से रवाना होंगी। दिल्ली–हरिद्वार, दिल्ली–सहारनपुर, दिल्ली–गया और दिल्ली–काठगोदाम एक्सप्रेस इनमें प्रमुख हैं।

14 ट्रेनें बीच में ही समाप्त
14 गाड़ियों का गंतव्य बदला गया है। यानी वे अपने अंतिम स्टेशन तक नहीं जाएंगी और बीच में ही समाप्त हो जाएंगी। इनमें गया से दिल्ली सुपरफास्ट स्पेशल, सहारनपुर–दिल्ली, हरिद्वार–दिल्ली, काठगोदाम–दिल्ली व जालंधर–दिल्ली जैसी गाड़ियां शामिल हैं, जिन्हें आनंद विहार, शाहदरा, गाजियाबाद और मेरठ सिटी पर ही समाप्त किया जा रहा है।

आज सुबह छोड़ा गया इतना हथिनीकुंड बैराज से इतना पानी
आज सुबह 7:00 बजे पुराने रेलवे ब्रिज (ORB) पर यमुना का जलस्तर 207.48 मीटर दर्ज किया गया है। जो 208 तक पहुंचने का अनुमान है। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से सुबह 7 बजे 1,43,184 क्यूसेक और 8 बजे 1,42,604 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वजीराबाद बैराज से 1,93,090 क्यूसेक और ओखला बैराज से 2,40,002 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। इन बैराजों से लगातार छोड़ा जा रहा पानी यमुना के जलस्तर को और बढ़ा रहा है। बाढ़ और बारिश की वजह से दिल्ली पर दोहरी मार लग रही है।

अलीपुर के पास फ्लाइओवर पर गड्ढा
दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर फ्लाईओवर का एक हिस्सा भारी बारिश के कारण ढह गया।

आज भी उड़ानें प्रभावित… एडवाइजरी जारी
राजधानी दिल्ली में खराब मौसम और बारिश के कारण आज भी उड़ानें प्रभावित रहेंगी। हवाई कंपनियों ने अपने यात्रियों को अपडेट रहने की सलाह दी है। दिल्ली-एनसीआर, यूपी, पंजाब, हरियाणा में भी जलभराव से हालात बिगड़े हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एयरपोर्ट से रवाना होने वाली 400 से अधिक उड़ानों को रद्द करना पड़ा है। कई राज्यों में स्कूलों को बंद करना पड़ा है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर और हिमाचल समेत आठ राज्यों में अगले दो-तीन दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे स्थिति और गंभीर होने की आशंका है। दिल्ली में पांच सितंबर को बारिश का हाई अलर्ट है।
NIMRA SALEEM
Author: NIMRA SALEEM

सबसे ज्यादा पड़ गई