केनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) द्वारा शनिवार को क्षेत्र के गांव रुदायन स्थित दुष्यंत सीएससी गवर्नेंस इंडिया लिमिटेड जनसेवा केंद्र पर एक दिवसीय स्वरोजगार जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर में गांव के महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों व अन्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और स्वरोजगार स्थापित करने की बारीकियों से अवगत कराया गया।कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं व ग्रामीणों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बताया कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। आरसेटी में 18 से 50 वर्ष की आयु के महिला व पुरुष प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। आरसेटी के केंद्र निदेशक सुनील कुमार झा ने बताया कि संस्थान द्वारा सिलाई, कड़ाई, ब्यूटी पार्लर, बकरी पालन, डेयरी फार्मिंग, कंप्यूटर और मोबाइल रिपेयरिंग सहित लगभग 72 प्रकार के व्यावसायिक व तकनीकी प्रशिक्षण पूरी तरह निरूशुल्क दिए जाते हैं। प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों के रहने और खाने की व्यवस्था भी संस्थान द्वारा की जाती है। कोर्स पूरा होने के बाद प्रशिक्षणार्थियों को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए बैंक ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। इस दौरान असिस्टेंट अक्षय कुमार ने भी महिलाओं को संस्थान द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और आगामी ट्रेनिंग बैचों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में विमलेश देवी, माधवी देवी, सरोज देवी, सुखवीरी, मंजू देवी, सरोज सिंह, सपना देवी, शालू शर्मा, जगदीश सिंह, सुनील शर्मा, विकास शर्मा, आदि बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने भाग लिया और स्वरोजगार अपनाने का संकल्प जताया।


