बीएसपी के एक कार्यकर्ता ने विजय सांपला को माइक मारा, जिससे सांपला को चोट लग गई। मौके पर मौजूद बीएसपी कार्यकर्ताओं के बीच भी आपस में झड़प होने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद गांव बाड़ियां कलां में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

होशियारपुर के गांव बाड़ियां कलां में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से शरारती तत्वों द्वारा की गई तोड़फोड़ के विरोध में बुधवार को बहुजन समाज पार्टी की ओर से धरना दिया गया। इस दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान धरना दे रहे लोगों और भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
इस दौरान बीएसपी के एक कार्यकर्ता ने विजय सांपला को माइक मारा, जिससे सांपला को चोट लग गई। मौके पर मौजूद बीएसपी कार्यकर्ताओं के बीच भी आपस में झड़प होने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद गांव बाड़ियां कलां में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। मौके पर पुलिस बल मौजूद है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।