फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में गर्भवती महिला अंजलि मौत से पहले यूपी पुलिस के दरोगा से मिन्नतें करती रही, लेकिन दरोगा ने पति से बात नहीं कराई। तीन साल पहले गौरव और अंजलि ने प्रेम विवाह किया था। पढ़ाई के दौरान दोनों में प्रेम हुआ था। शिकोहाबाद के लभौआ गांव में चोरी के शक में पुलिस द्वारा रविवार रात पति गौरव को हिरासत में लिए जाने के सदमे से उसकी गर्भवती पत्नी अंजली (28) की तबीयत बिगड़ गई। सोमवार सुबह प्रसव के बाद निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में गर्भवती महिला अंजलि मौत के आगोश में समा गई और उसके साथ उसकी आखिरी समय में पति गौरव से बात करने की हसरत भी अधूरी रह गई। अंजलि के जेठ विजय सिंह ने बताया कि अंजलि को प्रसव के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब उसने दरोगा से अपने पति गौरव से बात कराने की काफी मिन्नतें कीं, लेकिन उसकी बात नहीं कराई गई थी।
मृतका के जेठ विजय सिंह ने बताया कि वह खुद बीएसएफ में हैं और वर्तमान में गुजरात में पोस्टिंग है। छुट्टी पर घर आए थे। उन्होंने बताया कि गौरव तीन भाइयों में तीसरे नंबर का है। विजय सिंह के अनुसार 7 दिसंबर 2023 को अंजली और गौरव की शादी हुई थी।
यह दूसरा बेटा था, पहला बेटा डेढ़ वर्ष का है। अंजलि और गौरव आगरा में एक साथ पढ़ाई करते थे। अंजलि ने बीएड कर लिया था। अंजलि का मायका आगरा के कमला नगर में है। विजय के अनुसार, जब रविवार रात पुलिस भाई गौरव को घर से उठाने आई थी।
जब परिजनों ने गौरव का अपराध पूछने का प्रयास किया, तो दरोगा धर्मपाल और अभयप्रताप ने परिजनों को भी जेल में ठूंसने की धमकी दी। विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने धक्का-मुक्की की, जिसमें गर्भवती अंजलि धक्का लगने से चारपाई पर गिर पड़ी और उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। प्रसव के बाद इलाज के दौरान अंजलि की मौत हो गई।
मानव शक्ति पार्टी ने मृतका के पुत्र का हाल जाना, बंधाया ढांढस
गांव लभौआ की दलित महिला अंजली निगम की मौत के मामले में मानव शक्ति पार्टी का प्रतिनिधि मंडल भी गांव पहुंचा। जिन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया। साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती गौरव के मासूम बेटे का भी हाल जाना।
राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक यादव ने सबसे पहले आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती पीड़ित गौरव के मासूम बेटे का हाल जाना। अंजली की मौत के बाद उसके जन्मे बच्चे की हालत नाजुक होने के चलते उसे आगरा में भर्ती कराया गया था। परिवार के लोगों को पार्टी पदाधिकारियों ने ढांढस बंधाया। साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान रमेश चंद्र, विनीत बसंत यादव, आनंद कुमार, महीपाल सिंह, शैलेंद्र सिंह, श्यामवीर सिंह आदि प्रमुख रूप से मौजूद थे।
परचून दुकानदार परिवार समेत ताला लगाकर लापता
चोरी के शक में गौरव के पकड़े जाने और उसकी गर्भवती पत्नी अंजली की मौत के बाद मामला बिगड़ने पर चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराने वाला दुकानदार ही अपने घर का ताला लगाकर कहीं चला गया। उसका पूरा परिवार घर पर नहीं है। ऐसे माहौल में दुकानदार का परिवार समेत घर से चले जाने का मामला पुलिस को खटकने लगा है। इस एंगल पर भी पुलिस के अधिकारी मामले की जांच करने में जुट गए हैं।
पति गौरव ने एससी-एसटी आयोग, सीएम और डीजीपी को पत्र भेजकर लगाई न्याय की गुहार
पति गौरव ने अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग, मुख्यमंत्री और डीजीपी को शिकायती पत्र भेजा है। गौरव ने शिकोहाबाद पुलिस पर उत्पीड़न, अभद्रता और धक्का-मुक्की के आरोप लगाते हुए पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
सांस की तकलीफ से जूझ रहा नवजात, आगरा के निजी अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर भर्ती
नवजात शिशु की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे इलाज के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिता गौरव के अनुसार, नवजात को सांस लेने में काफी तकलीफ हो रही थी, जिसके चलते उसे स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने आगरा रेफर कर दिया। आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती नवजात की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लाइफ सपोर्ट यानी वेंटिलेटर पर रखा है। बच्चे के स्वास्थ्य पर डॉक्टरों की विशेष टीम नजर बनाए हुए है। नवजात की देखभाल और इलाज की व्यवस्था के लिए उसके ताऊ राजीव अस्पताल में ही मौजूद हैं।