2022 के विधानसभा चुनाव में गुरुहरसहाय में कुल 1,72,641 मतदाता थे। इनमें से 1,39,983 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह हलके में करीब 81 फीसदी मतदान हुआ था। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी फौजा सिंह सरारी को 68,343 वोट मिले, जबकि शिअद (ब) के वरदेव सिंह मान को 57,769 वोट मिले थे।
विधानसभा चुनाव 2027 से पहले गुरुहरसहाए हलके में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस समय हलके में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप) और अकाली दल बादल के बीच त्रिकोणीय मुकाबले के आसार नजर आ रहे हैं। कांग्रेस और अकाली दल बादल ने अभी से छोटे-बड़े कार्यक्रमों में शिरकत कर चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं।
2022 के विधानसभा चुनाव में गुरुहरसहाय हलके में कुल 1,72,641 मतदाता थे। इनमें से 1,39,983 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह हलके में करीब 81 फीसदी मतदान हुआ था। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी फौजा सिंह सरारी को 68,343 वोट मिले, जबकि शिअद (ब) के वरदेव सिंह मान को 57,769, कांग्रेस के विजय कालड़ा को 5,578 और भाजपा के गुरपरवेज सिंह को 3,988 वोट मिले। फौजा सिंह सरारी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी वरदेव सिंह मान को 10,574 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की थी।
वहीं, 2017 में कांग्रेस के गुरमीत सिंह सोढ़ी को 62,787, शिअद (ब) के वरदेव सिंह मान को 56,991 और आप के मलकीत चंद को 14,282 वोट मिले थे। सोढ़ी ने मान को 5,796 वोटों के अंतर से हराया था।
गुरुहरसहाय हलके में बिजली, पेयजल, सीवरेज और सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। हलके के कई इलाकों में सड़कें लंबे समय से जर्जर हालत में हैं, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, वर्षों पुरानी पानी की पाइपलाइनें कई जगहों से क्षतिग्रस्त होने के कारण सीवरेज का दूषित पानी पेयजल में मिलकर घरों तक पहुंचने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। इससे लोगों में बीमारियों का खतरा बना हुआ है। गुरुहरसहाय में कई जगहों पर सीवरेज व्यवस्था का बुरा हाल है और समय पर सफाई न होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान आज भी बड़ी चुनौती बना हुआ है।
आवला और मान ने शुरू किया जनसंपर्क
गुरुहरसहाए विधानसभा हलके में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। कांग्रेस के पूर्व विधायक रमिंदर आवला इस बार गुरुहरसहाए हलके से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। इससे पहले वह जलालाबाद विधानसभा हलके से विधायक रह चुके हैं। कांग्रेस की ओर से गुरुहरसहाए हलके के लिए डॉ. ज्योति, जोगिंदर सिंह और गुरदीप सिंह भी टिकट की दावेदारी जता रहे हैं।
इसी तरह आम आदमी पार्टी (आप) की टिकट के लिए विधायक फौजा सिंह सरारी, मलकीत थिंद, हरजिंदर सिंह और खुशप्रीत सिंह दौड़ में शामिल हैं। शिरोमणि अकाली दल (बादल) की ओर से वरदेव सिंह मान टिकट के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी की टिकट के लिए दीपक शर्मा और राणा राय भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
टिकट के दावेदारों की सक्रियता बढ़ने के साथ ही गुरुहरसहाए हलके में चुनावी माहौल बनने लगा है। रमिंदर आवला और वरदेव सिंह मान ने हलके में अपना प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। दोनों नेताओं की ओर से लोगों से संपर्क साधने और बैठकों के जरिए अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
विकास कार्यों को लेकर विधायक और भाजपा जिलाध्यक्ष आमने-सामने
विधायक फौजा सिंह ने बताया कि उन्होंने हलके में 16 खेल स्टेडियम बनवाए हैं। इसके अलावा विभिन्न गांवों की पंचायतों को विकास कार्यों के लिए पांच करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई है। पांच करोड़ रुपये की एक और राशि आने वाली है, जिसे पंचायतों को विकास कार्यों के लिए वितरित किया जाएगा। विधायक ने कहा कि हलके में कई अन्य विकास कार्य भी करवाए गए हैं, जबकि कई विकास परियोजनाएं अभी चल रही हैं।
उधर, भाजपा के जिला अध्यक्ष सर्बजीत सिंह ने आरोप लगाया कि पौने पांच साल के कार्यकाल में गुरुहरसहाए हलके में कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि शहर में सीवरेज व्यवस्था का बेहद बुरा हाल है। कई घरों में नलों के जरिए सीवरेज का पानी मिश्रित होकर आने की शिकायतें हैं। जगह-जगह पेयजल की पाइपें टूटी हुई हैं और गलियों में सीवरेज का पानी जमा रहता है। गांवों और शहर की सड़कों की हालत भी खस्ता है।
सर्बजीत सिंह ने कहा कि गुरुहरसहाए को बने करीब 80 साल हो चुके हैं, लेकिन यहां अभी तक सरकारी कॉलेज नहीं बनाया गया। हलके में सरकारी सब-डिवीजन अस्पताल की सुविधा भी नहीं है और लोगों को केवल कम्यूनिटी हेल्थ सेंटर पर निर्भर रहना पड़ता है।