विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हिंदी दिवस के मौके पर यूनियन पब्लिक स्कूल में विशेष काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सासनी मंडल अध्यक्ष आकाश सिंह ने मां सरस्वती के छवि चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
सोमवार को आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और देशभक्ति, प्रकृति, संस्कार, राष्ट्रप्रेम तथा हिंदी भाषा की महत्ता पर आधारित कविताओं का भावपूर्ण एवं प्रभावशाली पाठ प्रस्तुत किया। देव चैधरी, नव्या, रामेश्वर, नम्रता, साक्षी, आस्था, शुभांगी आदि विद्यार्थियों ने अपनी ओजपूर्ण प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व से अवगत कराते हुए दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय की निदेशिका माधुरी राजावत ने कहा कि हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार और भावनाओं की पहचान है। विद्यालय के उप प्रधानाचार्य प्रमोद प्रताप सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता और आत्मविश्वास को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए हिंदी भाषा के प्रति इसी प्रकार प्रेम और सम्मान रखने का संदेश दिया।



