एसबीएस यूनियन स्कूल सासनी में सोमवार को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से प्रार्थना सभा के दौरान रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पीसी शर्मा ने विद्यार्थियों को मनोरंजक एवं रोचक गतिविधियों के माध्यम से महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश दिए।
सोमवार को आयोजित कार्रक्रम में छात्रों उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी हाजिर जवाबी तथा बुद्धिमत्ता का प्रदर्शन किया। शो के माध्यम से विद्यार्थियों को लालच से दूर रहने, विद्यालय एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान ‘टीवी-मोबाइल से नाता तोड़ें हम, किताबों से नाता जोड़ें हम’ जैसे संदेश के माध्यम से विद्यार्थियों को मोबाइल और टीवी का अनावश्यक उपयोग कम कर पुस्तकों को अपना साथी बनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों के आईक्यू लेवल और हाजिर जवाबी से अतिथिगण काफी प्रभावित हुए। विद्यालय डायरेक्टर डॉ. विकास सिंह ने कहा कि इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी वर्ष 1920 से भारत में मानव सेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। प्राकृतिक आपदाओं, बाढ़, सूखा तथा बीमारियों जैसी परिस्थितियों में संस्था जरूरतमंद लोगों की सहायता करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे मानवीय संगठनों को सहयोग देना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। प्रधानाचार्य दुर्गेश पचैरी ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में सहयोग की भावना, अनुशासन, जिज्ञासा और सृजनात्मकता का विकास होता है। साथ ही उनमें नई-नई जानकारी प्राप्त करने और अनुसंधान करने की क्षमता भी विकसित होती है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




