महाराजगंज में जमीन के विवाद में एक महिला ने ससुर की हत्या कर दी। हत्या में बहू का साथ तीन अन्य सहयोगियों ने दिया था। आरोपी महिला ससुर पर जमीन रजिस्ट्री करने की बात को लेकर दबाव बना रही थी।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे फरेंदा थानाक्षेत्र के सोनबरसा निवासी सच्चाराम गुप्ता की लाश उनके घर के बगल में मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी बहू शोभा गुप्ता ने मामले की सूचना पुलिस को दी। एसओ फरेंदा राघवेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। कुछ ही देर में फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और जांच के लिए साक्ष्य एकत्रित किए।
शोभा की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल सामग्री पुलिस ने बरामद कर ली। इस बाबत थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि जमीन के विवाद को लेकर बुजुर्ग की हत्या हुई है। लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ससुर की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर कुदाल के बेंत से की हत्या
जमीन के विवाद के कारण ससुर की हत्या करने के मामले में पुलिस ने हत्या के दिन ही पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया। घटना के अनावरण में ससुर की हत्या में बहू के साथ तीन अन्य सहयोगियों की शामिल होने का मामला प्रकाश में आया है।
पुलिस अधीक्षक शक्तिमोहन अवस्थी के अनुसार, मृतक सच्चाराम गुप्ता की बड़ी बहू शोभा गुप्ता के साथ जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी ससुर पर जमीन रजिस्ट्री करने की बात को लेकर दबाव बना रही थी। जिसको लेकर गुरूवार की सायं करीब साढ़े चार बजे बहू अपने ससुर को घर बुलाकर बंटवारे के लिए बात करने बहाने घर बुलाया था। जहां पर पहले से ही आरोपी रमेश गुप्ता, धनई यादव भी मौजूद था। बातचीत का क्रम शुरू हुआ तो उसी दौरान आरोपी बहू ने ससुर की आंखो में मिर्च का पाउडर झोंक दिया जिसमे सच्चाराम जमीन पर गिर गए। उसके बाद रमेश गुप्ता व धनई यादव ने उन्हे पकड़ लिया और शोभा गुप्ता ने घर में रखा कुदाल के बेंट से पीट कर उनकी हत्या कर दी।
उसके बाद झोला छाप ने जांच कर मौत होने की पुष्टि की। शव को छिपाने के लिए रात का इंतजार करने लगे। रात में साक्ष्य को मिटाने के लिए एक अन्य सहयोगी श्रीकांत चौहान को बुलाकर चेहरे पर कपड़ा बांधा और घसीटते हुए बाहर खाली प्लाट में फेंक दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना में शामिल आरोपी शोभा गुप्ता, धनई यादव, रमेश गुप्ता व श्रीकांत चौहान को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की गई।
हत्या के बाद फर्श से खून के छींटे मिटाने का करती रही प्रयास
ससुर की निर्मम हत्या के बाद आरोपी बहू फर्श पर पड़े खून के छींटे को रात से ही धोने की कोशिश कर रही थी। लोगों ने बताया कि घटना के बाद से ही वाइपर से फर्श को कई बार धो रही थी कि खून के छींटे न दिखे। लेकिन सुबह हो गया तो सबकी नजर खून के धब्बे पर पड़ गई। तहरीर में छोटी बहू ने शोभा गुप्ता व उनका बेटा कृष्णा गुप्ता व अन्य लोगों के साथ मिल कर हत्या करने का आरोप लगाई है।
20 वर्षो से गायब है सुख्खू गुप्ता
मृतक सच्चाराम गुप्ता का बड़ा बेटा करीब 20 वर्षो से गायब है, जिसका पता नही लग सका है। उसके बाद से बहू शोभा गुप्ता जमीन को लेकर विवाद करती रही। वह जमीन को अपने नाम से रजिस्ट्री कराने का दबाव बना रही थी। जबकि छोटा बेटा सउदी अरब में रह कर कमाई करता है। पिता की मौत की खबर उनको मिली तो बदहवास हो उठे। बुजुर्ग की मौत के बाद गांव का माहौल भी गमगीन हो उठा।
मंदिर में रहकर करते थे पूजा पाठ
मृतक सच्चाराम के दोनों बेटे अलग-अलग रहते है। वह छोटी बहू के घर खाना खाते थे और गांव के मंदिर पर रहकर पूजा पाठ करते थे। उसके बावजूद भी परिवार में विवाद होता रहता था। वह हमेसा दोनों के बीच बराबर हिस्सा देने की बात कहते थे। जो उनके जान का दुश्मन साबित हुआ।
ससुर की निर्मम हत्या के मामले में छोटी बहू सुनीता की तहरीर पर बड़ी बहू शोभा गुप्ता व कृष्णा गुप्ता सहित कुछ अज्ञात लोगों के विरूद्ध हत्या का प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।-राघवेंद्र सिंह,थानाध्यक्ष,फरेंदा



