मुरादाबाद के कारोबारी की बेटी अदीला रहमान हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया। पुलिस आरोपी को लेकर रुड़की पहुंची। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ भी की।
![]()
मुरादाबाद में कारोबारी की बेटी अदीला को अगवा कर हत्या करने वाले आरोपी गुलफाम को पुलिस ने सोमवार की सुबह 10 बजे रिमांड पर लिया। पुलिस उसे रुड़की लेकर गई और वहां उससे उस स्थान की तस्दीक कराई। आरोपी ने यहीं शव फेंकने का दावा किया था। इसके अलावा थार और अन्य सामान भी बरामद करने का प्रयास किया।
कटघर थाना क्षेत्र के कोहिनूर तिराहा निवासी अदिवउर रहमान की पत्नी आबगिना शम्सी ने 17 जुलाई को कटघर के देवापुर निवासी गुलफाम अली और उसके भाई कुरबान अली के खिलाफ बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें उसने बताया कि उसकी बेटी 29 जून को प्रयागराज से फ्लाइट में सवार होकर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची थी। इसके बाद से वह गायब है।
पुलिस ने जांच की तो पता चला कि आरोपी गुलफाम अली एक जुलाई को रामपुर में जानलेवा हमले के मामले में सरेंडर कर जेल चला गया है। पुलिस ने आरोपी से जेल में जाकर पूछताछ की तब पता चला कि आरोपी गुलफाम ने 29 जून की रात ही अदीला की हत्या करने के बाद उसकी लाश रुड़की में नदी में फेंक दी थी।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि सोमवार की सुबह कोर्ट के आदेश पर आरोपी गुलफाम को 24 घंटे की रिमांड पर रामपुर से जेल से मिला। इसके बाद पुलिस उसे लेकर रुड़की के लिए रवाना हुई। आरोपी से उस स्थान की तस्दीक कराई, जहां उसने शव फेंका था। इसके अलावा हत्या करने के बाद कहां थार की धुलाई कराई और इसके बाद थार को कहां खड़ा कर दिया है।
प्रेम, गुपचुप निकाह और कत्ल… लापता अदीला केस में सनसनीखेज खुलासा
मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के कोहिनूर तिराहा निवासी निर्यातक अदीब उर रहमान की लापता बेटी अदीला रहमान की हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा कटघर पुलिस ने आरोपी गुलफाम अली को रिमांड पर लेकर पूछताछ के बाद किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी ने 29 जून को अदीला की गोली मारकर हत्या करने और शव को रुड़की की नहर में फेंकने की बात स्वीकार की थी।
मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के कोहिनूर तिराहा निवासी निर्यातक अदीब उर रहमान की लापता बेटी अदीला रहमान की हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा कटघर पुलिस ने आरोपी गुलफाम अली को रिमांड पर लेकर पूछताछ के बाद किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी ने 29 जून को अदीला की गोली मारकर हत्या करने और शव को रुड़की की नहर में फेंकने की बात स्वीकार की थी।
अदीला हैदराबाद में रहकर एलएलबी की पढ़ाई कर रही थी। 25 जून को वह परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली थी। बाद में उसकी आखिरी लोकेशन 29 जून को दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर मिली। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया था।
काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर अदीला की मां ने 18 जुलाई को कटघर थाने में तहरीर देकर देवापुर निवासी गुलफाम अली और उसके भाई कुरबान अली पर बेटी को गायब करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान परिजनों ने पुलिस को घर से मिला एक निकाहनामा और उससे संबंधित दस्तावेज भी दिए, जिसमें दूल्हे के रूप में गुलफाम अली का नाम दर्ज था।
इसके आधार पर पुलिस ने गुलफाम की तलाश तेज की। इसी बीच पता चला कि हत्या के प्रयास के एक पुराने मामले में उसने एक जुलाई को रामपुर की अदालत में आत्मसमर्पण कर जेल चला गया था। कटघर पुलिस ने अदालत से अनुमति लेकर आरोपी को रिमांड पर लिया। पूछताछ में गुलफाम ने बताया कि उसने 18 मार्च को अजमेर में अदीला से परिवार से छिपकर निकाह किया था।
इसके बाद दोनों नोएडा में किराये के फ्लैट में रहने लगे। अदीला चाहती थी कि गुलफाम उनके रिश्ते को सार्वजनिक करे और परिवार को शादी की जानकारी दे, जबकि गुलफाम इससे बचता रहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद होता था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अदीला उसके खर्च तक उठाती थी और निकाह के बाद उसे एक थार गाड़ी भी उपहार में दी थी। 29 जून को दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। अदीला दिल्ली से टैक्सी लेकर मुरादाबाद की ओर निकली।
रात में जोया पहुंचने पर गुलफाम उसे कार से अपने साथ ले गया। रास्ते में भी दोनों के बीच परिवार और रिश्ते को लेकर कहासुनी होती रही। पुलिस के अनुसार, दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पुराने टोल प्लाजा के पास पहुंचने पर गुलफाम ने तमंचे से अदीला की कनपटी पर गोली मार दी।
हत्या के बाद उसने शव कार में रखा और पूरी रात सफर करते हुए रुड़की पहुंचा। वहां मंगलौर क्षेत्र की नहर में शव फेंक दिया। इसके बाद वह रामपुर में अपने एक दोस्त के घर रुका और अगले दिन घर पहुंचकर कार खड़ी कर दी। बाद में पहले से दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में योजनाबद्ध तरीके से अदालत में आत्मसमर्पण कर जेल चला गया।
जांच में सामने आया कि रुड़की के मंगलौर क्षेत्र में चार जुलाई को नहर से युवती का शव बरामद हुआ था। स्थानीय पुलिस ने 72 घंटे तक शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर उसका अंतिम संस्कार करा दिया।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपी से रिमांड पर पूछताछ में हत्या की पूरी वारदात सामने आई है। विवेचना के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि अदीला और गुलफाम ने 18 मार्च को अजमेर में परिवार से छिपकर निकाह किया था। नोएडा स्थित किराये के फ्लैट से बरामद निकाहनामा और अन्य दस्तावेजों से विवाह की पुष्टि हुई है।
शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि शादी के बाद रिश्ते को सार्वजनिक करने को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद रहता था। पुलिस आरोपी के बयान के आधार पर साक्ष्य जुटा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।