आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नई सब्जी मंडी के निकट एक गाय की मौत हो जाने के बाद बजरंग दल के पदाधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसका सम्मानपूर्वक दाह संस्कार कराया। घटना की जानकारी मिलते ही राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से जेसीबी मशीन की व्यवस्था कर मृत गाय को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार कराया।
मंगलवार को अज्ञात कारणों के चलते एक गाय की मौत हो गई थी। सड़क किनारे मृत गाय के पड़े रहने से राहगीरों को परेशानी होने के साथ-साथ दुर्घटना की भी आशंका बनी हुई थी। इसकी सूचना जब राष्ट्रीय बजरंगदल के बजरंगियों को हुई तो उन्होंने बिना देर किए आवश्यक व्यवस्था कराई और जेसीबी की सहायता से मृत गाय के शव को सडक से हटवाकर उसका अंतिम संस्कार कराया। राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारी मोहित बजरंगी ने बताया कि गौवंश भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। ऐसे में किसी भी मृत गौवंश का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार करना सामाजिक दायित्व भी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी कोई घायल अथवा मृत गौवंश दिखाई दे तो इसकी सूचना संबंधित विभाग या सामाजिक संगठनों को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। इस दौरान राष्ट्रीय बजरंगदल के तमाम पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS