गुरप्रीत सिंह 13 जुलाई की शाम अपनी मोटरसाइकिल पर किसी निजी काम से जंडियाला गुरु गया था, लेकिन रात तक घर नहीं लौटा। परिवार ने उसकी काफी तलाश की, मगर दो दिन तक उसका कोई सुराग नहीं लगा।

अमृतसर के कस्बा जंडियाला गुरु में खेतों में बने मोटर के कमरे से 28 वर्षीय युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान गांव थोथिया निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी पुत्र कश्मीर सिंह के रूप में हुई है।
सूचना मिलने पर जंडियाला गुरु पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल अमृतसर भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
परिजनों के अनुसार गुरप्रीत सिंह 13 जुलाई की शाम अपनी मोटरसाइकिल पर किसी निजी काम से जंडियाला गुरु गया था, लेकिन रात तक घर नहीं लौटा। परिवार ने उसकी काफी तलाश की, मगर दो दिन तक उसका कोई सुराग नहीं लगा। वीरवार को जीटी रोड के पास गांव मलियां स्थित दाना-पानी ढाबे के सामने खेतों में बने मोटर कमरे से उसका शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
मृतक की मां सुखविंदर कौर, जो गांव थोथिया की वर्तमान पंचायत सदस्य हैं, ने बताया कि गुरप्रीत पेंट का काम करता था। उनका कहना है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था और नशे का आदी भी बताया जा रहा था। हालांकि परिवार ने उसकी मौत को लेकर कई सवाल उठाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिवार के मुताबिक गुरप्रीत अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियां छोड़ गया है। सबसे छोटी बेटी का जन्म महज पांच दिन पहले हुआ था। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने दावा किया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं की है। जांच अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
