बेअदबी मामले को लेकर बहिबल कलां में हुए गोलीकांड में यह समन जारी किया गया है। पूर्व उप-मुख्यमंत्री को 20 जुलाई सोमवार को चंडीगढ़ बुलाया गया है।

साल 2015 के बरगाड़ी बेअदबी मामले से जुड़े बहिबल कलां गोलीकांड की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने पंजाब के तत्कालीन उप-मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। एसआईटी ने उन्हें 20 जुलाई (सोमवार) को चंडीगढ़ में पेश होने के निर्देश दिए हैं।
मामले को लेकर सुखबीर बादल ने प्रतिक्रिया दी है कि मुझे जहां मर्जी बुला लें मैं वहां पेश हो जाऊंगा। बीते 10 साल से चालान तक पेश नहीं किया गया। आरोपियों को पकड़ने की बजाय राजनीति खेली जा रही है। अब चार माह के बाद असली आरोपी हम पकड़ेंगे।
क्या है बहिबल कलां गोलीकांड?
बता दें कि साल 2015 में फरीदकोट के बुर्ज जवाहर सिंह वाला और बरगाड़ी गांवों में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की घटनाएं सामने आई थीं। इसके विरोध में सिख संगठनों और स्थानीय लोगों ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू किया। 14 अक्तूबर 2015 को बहिबल कलां में मुख्य हाईवे पर शांतिपूर्ण धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों को हटाने के दौरान पुलिस ने कथित तौर पर बल प्रयोग किया और गोलीबारी की। इस फायरिंग में दो सिख प्रदर्शनकारियों, गुरजीत सिंह और कृष्ण भगवान सिंह, की मौत हो गई थी।
