Chunnari Chunnari Song Controversy: फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की रिलीज को कुछ दिन बाकी बचे हैं। इससे पहले यह विवादों में फंस गई है। निर्माता वाशु भगनानी ने ‘है जवानी…’ के मेकर्स पर गैर कानूनी तरीके से फिल्म में गाना ‘चुनरी चुनरी’ इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। अब इस पर फिल्म की टीम ने भी चुप्पी तोड़ी है।

फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगडे़ नजर आएंगे। रिलीज से पहले एक तरफ फिल्म की टीम प्रमोशन में व्यस्त है। दूसरी तरफ फिल्म के ‘चुनरी चुनरी’ गाने को लेकर विवाद छिड़ गया है। मामला कोर्ट तक पहुंच गया है। अब फिल्म के निर्माता रमेश तौरानी, टिप्स और ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की टीम ने प्रोड्यूसर वाशु भगनानी के साथ चल रहे विवाद पर चुप्पी तोड़ी है और उनके आरोपों को खारिज किया है। टीम का कहना है कि सभी आरोप बदले की भावना से प्रेरित हैं।
अपनी कानूनी स्थिति को दोहराते हुए, टीम ने विवादित म्यूजिकल वर्क पर अपने मालिकाना हक का दावा किया। टीम ने कहा, ‘हम भगनानी के रवैये से बेहद दुखी और निराश हैं। हम जनता से गुजारिश करते हैं कि वे इस तरह की जान-बूझकर फैलाई जा रही नकारात्मकता पर ध्यान न दें। हम अपनी बात पर कायम हैं कि ‘चुनरी चुनरी’ और ‘इश्क सोना है’ गानों के एकमात्र और वैध मालिक हम ही हैं’। टीम ने आगे कहा कि चूंकि यह मामला अभी अदालत में विचाराधीन है, इसलिए फिलहाल उनकी ओर से यही एकमात्र आधिकारिक प्रतिक्रिया होगी। हमें यकीन है कि न्याय जरूर मिलेगा’। बता दें कि फिल्म 05 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।