जालंधर रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हरिद्वार जाने वाली ट्रेन संख्या 12054 के एक कोच पर भारत विरोधी नारे लिखे मिले। बताया जा रहा है कि इस हरकत की जिम्मेदारी खालिस्तान समर्थक और आतंकी संगठन से जुड़े गुरपतवंत सिंह पन्नू ने खुद वीडियो जारी कर ली है।

गेटमैन ने देखा और दी सूचना
सूत्रों के मुताबिक, ट्रेन जैसे ही ब्यास स्टेशन पार कर रही थी, ड्यूटी पर तैनात गेटमैन रणजीत कुमार (मोटर नंबर 62) की नजर कोच नंबर NR 257401 (कोच 11) पर लिखे नारों पर पड़ी। उसने तुरंत रेलवे अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ को भी अलर्ट कर दिया गया।
जालंधर में ट्रेन रोकी गई
ट्रेन के जालंधर पहुंचते ही उसे रोका गया और संबंधित कोच की सुरक्षा जांच की गई। स्प्रे से नारे हटा दिए गए। हालांकि, तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला। इसके बावजूद इस घटना ने यात्रियों और रेलवे प्रशासन की चिंता बढ़ा दी।
सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
रेलवे और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि नारे कब और किसने लिखे, और इसके पीछे किन लोगों का हाथ हो सकता है। फिलहाल स्टेशन और ट्रेनों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
यात्रियों से अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें। इस घटना के बाद यात्रियों में असुरक्षा का माहौल देखने को मिला है।