सोशल मीडिया पर छाने की चाहत दो युवकों के लिए खतरनाक साबित हुई। रविवार देर रात आरके फोर्ट–हवाला बड़ी रोड पर रील बनाने के चक्कर में तेज रफ्तार से दौड़ रही बाइक डिवाइडर से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक हवा में उछलकर दूर जा गिरे। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक बाइक को स्टंट और शूटिंग के इरादे से चला रहे थे। अचानक संतुलन बिगड़ते ही उनकी रफ्तार ने उन्हें हादसे की ओर धकेल दिया। राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और दोनों घायलों को गंभीर हालत में एमबी अस्पताल पहुंचाया।
आरके फोर्ट–हवाला बड़ी रोड लंबे समय से युवाओं के लिए रील बनाने का हॉटस्पॉट बन चुका है। यहां दिन-रात स्टंट और रफ्तार का खेल चलता रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस लापरवाही की वजह से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। कई बार शिकायतों के बावजूद हालात जस के तस हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के खतरनाक स्टंट और रील मेकिंग न सिर्फ खुद की जान खतरे में डालते हैं, बल्कि राहगीरों को भी संकट में डाल देते हैं।