पानीपत में रविवार को दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। थाना तहसील कैंप क्षेत्र की दीनानाथ कॉलोनी में 24 वर्षीय युवक अंकित की बीच रास्ते में बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के मुताबिक, अंकित शाम करीब नौ बजे अपनी मां से 10 रुपये लेकर दुकान पर जा रहा था। तभी कॉलोनी के तीन युवकों ने उसे रास्ते में रोककर हमला कर दिया। गंडासी और लाठी-डंडों से की गई मारपीट में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर भीड़ मौके पर पहुंची और पुलिस को सूचना दी गई। घायल अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता हवा सिंह ने बताया कि आरोपियों से पहले भी दो बार झगड़ा हो चुका था। दो माह पहले आरोपियों ने अंकित पर केस दर्ज कराया था, जिससे दबाव में आकर परिवार ने अपना मकान बेच दिया और गांव में रहने लगे। लेकिन रंजिश खत्म नहीं हुई। अंकित की जनवरी में शादी हुई थी और उसकी पत्नी इस समय पांच माह की गर्भवती है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।




